“मोदी की गांरटी है” बोलकर कन्हैया कुमार ने किया पीएम मोदी पर बड़ा अटैक, कहा- कभी भरोसा मत करना

औरंगाबाद (मनोज शर्मा)। कांग्रेस के युवा नेता जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। कन्हैया कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि मोदी जी की गारंटी है। भाजपा की गारंटी होती तो थोड़ी देर के लिए मान भी लेते, लेकिन मोदी जी की गारंटी है तो कभी भरोसा मत कीजियेगा।

कन्हैया ने कहा कि जिस आदमी ने शादी करने के बाद अपनी पत्नी को छोड़ दिया हो उसपर कैसे विश्वास किया जा सकता है। कन्हैया औरंगाबाद के गांधी मैदान में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान जनसभा में उक्त बातें कही।

औरंगाबाद में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पहुंचे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के विश्वविद्यालय को मान-सम्मान दिलाना चाहता हूं। मगध विश्वविद्यालय से पढ़ा हूं और शिक्षा के मर्म को समझता हूं। बिहार में मोहन दास करमचंद पहुंचे तो गांधी बन गए।

इसके साथ उन्होंने मगही में कहा, ‘भूख से तड़प के मरब काहे, मरना है तो लड़ के मर जा।’ आगे कहा कि न्याय यात्रा औरंगाबाद पहुंची है तो मैं बताना चाहता हूं कि यह बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की धरती है। बिहार सिर्फ ज्ञान की नहीं मोक्ष की धरती भी है। बोधगया में सिद्धार्थ पीपल वृक्ष के नीचे बैठे तो ज्ञान मिला।

तीन वर्ष में तीन बार मुख्यमंत्री बनते हैं : कन्हैया कुमार

कन्हैया कुमार ने कहा कि वह बिहार के 14 करोड़ लोगों के आत्मसम्मान की बात करने आए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि फुटबॉल की तरह कभी इधर तो कभी उधर जाते हैं। तीन वर्ष में तीन बार मुख्यमंत्री बनते हैं।

वहीं, सवाल उठाया कि साढ़े चौदह लाख करोड़ पीएम के दोस्त का माफ किया जा सकता है तो किसानों का कर्ज क्यों नहीं माफ होगा। पांच और छह वर्ष के लिए सांसद बनने पर पेंशन और देश सेवा में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पेंशन नहीं, यह कैसा न्याय है।

उन्होंने कहा कि बिहार में फूट डालो और राज करो की नीति नहीं चलेगी। टीवी खोलकर देखिए कि मीडिया वाले कैसे न्याय के विरोध में बोलते हैं। मीडिया हाउस के मालिक सरकार के गोद में बैठे हैं। किसानों के साथ देश में न्याय नहीं हो रहा है। मोदी जी कि गारंटी पूछना है तो यशोदा मैया से पूछिए।

देश की संपदा को लूटना और रेल बेचने की गारंटी है : कन्हैया

उन्होंने कहा कि देश की संपदा को लूटना और रेल बेचने की गारंटी है। भीड़ से सवाल किया कि क्या आपके खाते में 15 लाख आया, दो करोड़ बेरोजगारों को रोजगार मिला। मोदी जी ने भगवान राम से सीता को अलग कर दिया। धर्म का मतलब ये भाजपाई नहीं जानते हैं। बिहार का धर्म है अपने हक के लिए संघर्ष करना।

कन्हैया ने कहा कि देश में बदलाव चाहते हैं तो इंडी को मतदान करें। बिहार से परिवर्तन की लहर चल पड़ रही है। कांग्रेस ने युवा न्याय, भागीदारी का न्याय, किसानों को न्याय दिलाने का संकल्प लिया है।

कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा। न्याय के लिए न्याय योद्धा बनना पड़ेगा। भीड़ से कन्हैया के समर्थन में नारेबाजी होती रही।