औरंगाबाद में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर कहा तंज, किसान आंदोलन को लेकर देखिए क्या कहा

औरंगाबाद(मनोज शर्मा)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक पखवारे के अंतराल के बाद गुरुवार को एक बार फिर बिहार पहुंचे हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत औरंगाबाद पहुंचे। औरंगाबाद के गांधी मैदान में उन्होंने एक रैली को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा।

किसान आंदोलन पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली बॉर्डर पर किसान अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन उन पर गोले बरसाए जा रहे हैं। लेकिन यह सारी चीजें मीडिया में नहीं दिखेंगी। मीडिया पर सिर्फ पीएम मोदी दिखेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा, “सुना है दुबई में वहां के राजा के साथ गले (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) मिल रहे हैं। मीडिया में सिर्फ उन्हें ही दिखाया जाएगा।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का चेहरा मुस्कुराते हुए दिखेगा। वहीं, BJP के नेता और कार्यकर्ता सबको घूरते दिखेंगे। ये लोग पूरे देश में नफरत फैला रहे हैं। BJP की नफरती विचारधारा ने मणिपुर को जला दिया।

हमने इसी नफरत के खिलाफ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की और नारा दिया- ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’

कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने नीतीश पर बोला हमला

भारत जोड़ो न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने याद दिलाया कि जब मेरे साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे तो कहते थे – मर जाऊंगा परंतु भाजपा में नहीं जाऊंगा। कुछ ही माह में वादा भूल गए।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार ने 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था जब नौकरी देना शुरू किया तो नीतीश कुमार नाराज होकर चले गए। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध ने सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया था। सत्य की रास्ता पर चलने वाले सिर्फ राहुल गांधी हैं।