International yoga day: योग महोत्सव 2023 के साथ 100 दिनों का काउंटाउन शुरू

नई दिल्ली। हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस बार यानि 2023 में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 100 दिनों की उलटी गिनती शुरू होगी। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयुष मंत्रालय और मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग (MDNIY) संयुक्त रूप से तालकटोरा स्टेडियम में 13 से 14 मार्च को योग महोत्सव का आयोजन करेगा। इसके साथ MDNIY कैंपस में 15 मार्च को पोस्ट महोत्सव योग कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

योग से संबंधित होंगी गतिविधियां

तीन दिवसीय योग महोत्सव 2023 में कई तरह की गतिविधियां होंगी जिनमें योग गुरुओं द्वारा वार्ता, वाइस चांसलर समिट- जहां अग्रणी संस्थानों के प्रमुख अपने अनुभव साझा करेंगे, राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के आयुष समिट, योग फ्यूजन-प्रदर्शन, योग लयबद्ध प्रदर्शन जैसी प्रतियोगिताओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

G20 के शीर्षक से प्रेरित

इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY) बड़े वैश्विक समुदाय के साथ जुड़ने का प्रयास करता है, क्योंकि भारत की G20 अध्यक्षता का शीर्षक “एक विश्व, एक स्वास्थ्य” “वसुधैव कुटुम्बकम” के सिद्धांत के साथ प्रेरित होती है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक जन संपर्क के साथ, ग्राम पंचायत, ग्राम सभाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से योग को भारत के प्रत्येक गांव तक ले जाने पर ध्यान केंद्रित करेगा।

बड़े पैमाने पर दिखेगी भागीदारी

इस वर्ष, योग महोत्सव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, आयुष स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों, निवासी कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए), महिला कल्याण संगठनों, विश्वविद्यालयों, योग विश्वविद्यालयों से सक्रिय भागीदारी देखी जाएगी।

100 दिन, 100 शहर और 100 संगठनों की गतिविधियां शुरू

योग महोत्सव 2023, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2023 के 9वें संस्करण की 100 दिनों की उलटी गिनती मनाने का एक कार्यक्रम है। पिछले वर्षों की तरह ही, इस वर्ष योग के विभिन्न आयामों और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार, उपयोगिता और दुनिया भर में स्वास्थ्य और कल्याण तथा शांति को बढ़ावा देने के लिए एक जन आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए योग महोत्सव-2023 का आयोजन किया जा रहा है। उलटी गिनती मनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में 100 स्थानों पर सामूहिक योग प्रदर्शन व सत्र होंगे और यह पूरे देश में 100 दिनों, 100 शहरों और 100 संगठनों की गतिविधियों को शुरू करेगा।

गौरतलब हो कि आयुष मंत्रालय, भारत में आईडीवाई के लिए नोडल मंत्रालय होने के नाते, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आठ सफल संस्करणों के आयोजन का बीड़ा उठाया है, जिसे दुनिया भर में समर्थन मिला है।