औरंगाबाद। खुद को प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को धमकाने और ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को औरंगाबाद नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र के अर्कद्वारिया निवासी विकास कुमार (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी अलग-अलग जगहों पर पुलिस अधिकारियों का नाम और पद बताकर फर्जीवाड़ा कर चुका है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि जसोईया मोड़ के पास एक युवक नशे की हालत में खुद को प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपना नाम विकास कुमार और पिता का नाम स्वर्गीय जगदीश सिंह बताया। पुलिस ने उसके बताए पते का सत्यापन टेकारी थाना, गया से कराया। सत्यापन में उसके आईपीएस अधिकारी होने की बात गलत पाई गई। इसके बाद पुलिस ने उसके पुराने मामलों की जानकारी जुटाई, जिसमें फर्जी अधिकारी बनकर धमकी देने और ठगी करने के कई मामले सामने आए।
एसएसपी बनकर ट्रेन उड़ाने की दी थी धमकी
जांच में सामने आया कि आरोपित ने खुद को पटना का एसएसपी राजीव कुमार मिश्रा बताकर जहानाबाद रेल थाना को ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इस मामले में जहानाबाद रेल थाना कांड संख्या 56/23 दर्ज है। वहीं, गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को डीएसपी का परिचय देकर पैसे की धोखाधड़ी करने का मामला भी सामने आया। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 664/26 दर्ज है।
औरंगाबाद नगर थाना में भी फर्जी आईपीएस बनकर धोखाधड़ी करने के आरोप में कांड संख्या 597/26 और 598/26 दर्ज किए गए हैं।
जेल अधीक्षक को धमकाया, एस्कॉर्ट भी मांगा
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपित ने खुद को प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी बताते हुए सासाराम जेल अधीक्षक के मोबाइल पर फोन कर धमकी दी थी। इसके अलावा खुद को रोहतास एसपी बताकर मोहनिया कैंप के थानाध्यक्ष को फोन किया और अपने लिए पुलिस एस्कॉर्ट की मांग की थी।
गहन जांच के बाद पुलिस ने विकास कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस उसके द्वारा पूर्व में किए गए अन्य फर्जीवाड़े और फोन कॉल की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित: विकास कुमार, पिता-स्वर्गीय जगदीश सिंह, निवासी अर्कद्वारिया, थाना टेकारी, जिला गया।
