बिहार के प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डाॅ. शैवाल गुप्ता का निधन, सीएम ने जताया शोक

पटना (लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार के सुप्रसिद्ध अर्थशास्त्री डाॅ. शैवाल गुप्ता (67 वर्ष) का गुरुवार की देर शाम पटना में निधन हो गया। वे लंबे अरसे से बीमार चल रहे थे। गुरुवार की सुबह उनके सभी अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। शाम में सात बजे के करीब डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे अपने पीछे पत्नी, बेटी, दामाद और नतिनी छोड़ गये हैं। शैवाल गुप्ता एशियन डेवलपमेंट रिसर्च इंस्टीट्यूट (आद्री) के संस्थापक सदस्य और सचिव थे। इस संस्था की स्थापना पटना में उन्होंने 1991 में की थी।

यह संस्थान आर्थिक सामाजिक विज्ञान अनुसंधान के क्षेत्र में काम करती है। वे आर्थिक नीति और सार्वजनिक वित्त केंद्र के निदेशक भी थे। उनका शोध बिहार की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ बिहार के विभिन्न विकास के मुद्दों पर एक राजनीतिक अर्थव्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में केंद्रित थी।

शैवाल गुप्ता के पिता डॉ. पी गुप्ता एक सुप्रसिद्ध चिकित्सक व भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के नेता थे। शैवाल गुप्ता के निधन के बाद सामाजिक व राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर फैल गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके निधन पर गहर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल फागू चौहान ने भी डॉ. गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।