सम्राट चौधरी को भाजपा ने दी बड़ी जिम्मेवारी, बनाये गए बिहार के प्रदेश अध्यक्ष

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार भारतीय जनता पार्टी ने बिहार प्रदेश में अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया है। अब बिहार में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी होंगे। इनकी नियुक्ति को लेकर आधिकारिक ऐलान भाजपा की तरफ से कर दिया गया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के तरफ से पत्र जारी करते हुए कहा गया है कि, बिहार विधान परिषद के सदस्य सम्राट चौधरी बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

कुशवाहा जाति से आने वाले सम्राट चौधरी को भाजपा ने बिहार में पहले सत्ता जाने के बाद विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाया था। वहीं अब बिहार भाजपा की जिम्मेवारी ऐसे वक्त में दी गई है जब 2 अप्रैल को बिहार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोहतास और नवादा में जनसभा है। चौधरी के लिए पहली चुनौती दोनों जनसभा को सफल बनाना होगा।