भाजपा ने बिहार में केंद्रीय मंत्री चौबे समेत चार सांसदों का काटा टिकट

  • बिहार में अपने हिस्से की 17 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी घोषित
  • बक्सर, सासाराम, मुजफ्फरपुर में नए चेहरे, बाकी सभी पुराने
  • नवादा के मैदान में पहली बार उतरेंगे विवेक ठाकुर

पटना : भाजपा ने बिहार में अपने हिस्से के 17 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा रविवार देर शाम कर दी है। बक्सर, सासाराम (सुरक्षित) और मुजफ्फरपुर के निवर्तमान सांसद क्रमश: अश्विनी चौबे, छेदी पासवान और अजय निषाद को इस बार अवसर नहीं मिला है। उन तीनों सीटों पर नए चेहरे हैं।

आशंकाओं को दरकिनार करते हुए पार्टी ने आरके सिंह, रविशंकर प्रसाद और रामकृपाल यादव को इस बार भी अवसर दिया है। नवादा में भूमिहार समाज से विवेक ठाकुर प्रत्याशी बनाए गए हैं, जो राज्यसभा के सदस्य हैं। इस सीट पर पिछली बार लोजपा के चंदन सिंह विजयी रहे थे। इस बार लोजपा की जो एक सीट कम की गई है, वह नवादा ही है।

रविवार को जारी अपनी पांचवीं सूची में भाजपा ने बिहार के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। टिकट बंटवारे में सामाजिक समीकरणों के साथ अनुभवी चेहरों को प्राथमिकता दी गई है। बिहार से भाजपा कोटे के केंद्रीय मंत्रियों में एकमात्र अश्विनी चौबे पैदल हुए हैं।

सबसे अधिक चौंकाने वाला नाम राज भूषण निषाद का है, जो मुजफ्फरपुर में दांव आजमाएंगे। पिछली बार वे महागठबंधन में वे विकासशील इंसान पार्टी के प्रत्याशी थे और अजय निषाद से हार गए थे। बाद में वे भाजपा में आ गए। अभी प्रदेश इकाई में उपाध्यक्ष का दायित्व निभा रहे।

प्रदेश इकाई में महामंत्री के पदधारक मिथिलेश तिवारी और शिवेश राम क्रमश: बक्सर और सासाराम के मैदान में होंगे। इस तरह प्रदेश संगठन में कार्यरत तीन लोगों को अवसर मिला है।

भाजपा के प्रत्याशी

पटना साहिब : रविशंकर प्रसाद
पाटलिपुत्र : रामकृपाल यादव
बक्सर : मिथिलेश तिवारी
आरा : आरके सिंह
बेगूसराय : गिरिराज सिंह
औरंगाबाद : सुशील कुमार
नवादा : विवेक ठाकुर
सासाराम : शिवेश राम
सारण : राजीव प्रताप रूड़ी
मुजफ्फरपुर : राज भूषण निषाद प्रदेश उपाध्यक्ष वीआइपी से
उजियारपुर : नित्यानंद राय
पश्चिमी चंपारण : डा. संजय जायसवाल
पूर्वी चंपारण : राधामोहन सिंह
मधुबनी : अशोक कुमार यादव
दरभंगा : गोपालजी ठाकुर
अररिया : प्रदीप कुमार सिंह