Bihar Election 2020 : BJP ने जारी की 46 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, कहां से कौन बने प्रत्याशी

पटना(आरती शर्मा)। बिहार विधानसभा के दूसरे चरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को 46 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में भाजपा ने अपने कई पुराने विधायकों को फिर से टिकट दिया है। वहीं कई सीटों पर अपने प्रत्याशी भी बदले हैं। नई दिल्ली से आज जारी सूची के मुताबिक पटना साहिब से भाजपा ने एकबार फिर बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बांकिपुर से पुन: नितिन नवीन, कुम्हरार से अरूण कुमार सिन्हा, दीघा से संजीव चौरसिया व दानापुर से आशा सिन्हा को मैदान में उतारा है। वहीं बख्तियारपुर से भाजपा ने रणविजय कुमार को उम्मीदवार बनाया है। मनेर से पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता निखिल आनंद व फतुहा से सतेंद्र सिंह को भाजपा ने टिकट दिया है। वहीं बिहारशरीफ से डॉ. सुनील कुमार को टिकट मिला है।

भागलपुर से इसबार भाजपा ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है। यहां से केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के पुत्र अर्जित शास्वत का का पार्टी ने टिकट काटते हुए रोहित पांडेय को मैदान में उतारा है। वहीं बेगूसराय से पार्टी के नेता कुंदन कुमार को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। कुंदन केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के करीबी बताए जाते हैं। वहीं सीवान से भाजपा ने पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव को टिकट दिया है।

भाजपा ने बिहार के सबसे हॉट सीट राघोपुर जहां से राजद नेता व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विधायक हैं। इस सीट से पूर्व विधायक सतीश कुमार यादव को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। सतीश कुमार यादव ने 2010 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पराजीत किया था। 2015 के चुनाव में राजद-जदयू के गठबंधन होने के कारण यह सीट राजद में चला गया। इस कारण सतीश कुमार यादव जदयू छोड़कर भाजपा में चले गए। भाजपा ने 2015 में सतीश कुमार को यहां उम्मीदवार बनाया था। इसबार भी पार्टी ने सतीश कुमार यादव पर एकबार फिर से भरोसा किया है।

वहीं गोपालगंज से भाजपा ने सुभाष सिंह को मैदान में उतारा है। बैकुंठपुर से मिथिलेश तिवारी, बरौली से रामप्रवेश राय व पारू से अशोक कुमार सिंह को भाजपा ने टिकट दिया है। झंझारपुर से भाजपा ने पूर्व सीएम जग्रनाथ मिश्रा के बेटे पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। चनपटिया से भाजपा ने उमाकांत सिंह को टिकट दिया है।