औरंगाबाद लोकसभा चुनाव : किसकी होली हो रही खराब कौन लेकर आ रहा किस दल का सिंबल, जानिए

औरंगाबाद(मनोज शर्मा)। लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। बिहार में NDA व महागठबंधन सीटों से लेकर उम्मीदवार तक के नाम फाइनल करने में लगे हैं। दो दिनों के अंदर दोनों गठबंधनों से उम्मीदवारों की सूची भी आने की सम्भावना है। ऐसे में सम्भावित प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें बढ़ गई है।

औरंगाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद सुशील सिंह चुनावी तैयारी में हैं। वहीं महागठबंधन में यह सीट के कांग्रेस के खाते में आने की प्रबल सम्भावनाएं है। हांलाकि दोनों गठबंधन की ओर से अभीतक उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं हुई है।

लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। 20 मार्च को पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी हो जाएगी। 28 मार्च तक नामांकन की आखरी तारीख है। इसी बीच होली जैसा महत्वपूर्ण त्योहार भी है। 19 अप्रैल को औरंगाबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान होना है। 4 जून को मतों की गिनती होगी।
इस बीच प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर औरंगाबाद लोकसभा का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। चर्चा है वर्तमान भाजपा सांसद सुशील सिंह को लेकर। NDA के सूत्र बता रहे हैं कि इस सीट पर जदयू ने मजबूत दावेदारी पेश की है और लगभग यह जदयू के खाते सीट देने की प्रबल सम्भावना है। जदयू यहां से गोपालगंज के पूर्व जिलाधिकारी की हत्या में सजाकाट चुके बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी पूर्व सांसद लभली आनंद को मैदान में उतारना चाहती है।

वहीं महागठबंधन में कांग्रेस से पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार व पूर्व मंत्री अवधेश सिंह के नाम पर चर्चा चल रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति ने दोनों नाम पार्टी आलाकमान को भेजा है। पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार की उम्र व स्वास्थ्य टिकट की टिक टिक में आड़े नहीं आया तो इनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही है। हालांकि पूर्व मंत्री अवधेश सिंह पूरी तैयारी में हैं।

भाजपा अगर औरंगाबाद सीट जदयू के लिए कुर्बान करती है तो यह दिलचस्प होगा कि लगातार तीन बार से लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर रहे वर्तमान सांसद सुशील कुमार सिंह अगला क्या कदम उठाएंगे। क्या वे वर्ष 2014 की तरह दल बदल कर चुनावी मैदान में उतरेंगे या पार्टी अनुशासन में रहकर जदयू उम्मीदवार के साथ काम करेंगे।

बता दें कि सुशील सिंह के पिता जनता दल से 1989 वे 1991 में औरंगाबाद लोकसभा से सांसद रहे। 1996 में जनता दल ने बीरेंद्र सिंह को मैदान में उतारा और वे विजयी हुए। 1998 के लोकसभा चुनाव में सुशील सिंह समता पार्टी के टिकट पर पहली बार सांसद बने लेकिन वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की श्यामा सिंह से चुनाव हार गए। वर्ष 2004 के चुनाव में भी सुशील सिंह को कांग्रेस के निखिल कुमार से हार का सामना करना पड़ा लेकिन वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में जदयू के टिकट पर मैदान में उतरे सुशील सिंह ने निखिल कुमार को पराजित कर जीत का परचम लहराया। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा- जदयू के गठबंधन टूटा तो जदयू ने यहां से कोइरी जाति से आने वाले बागी कुमार वर्मा को मैदान में उतारा।

पहली बार 2014 में जदयू ने दिया था कोईरी उम्मीदवार

मिनी चितौड़गढ़ कहे जाने वाले औरंगाबाद जिले में पहली बार प्रमुख गठबंधन ने राजपूत जाति से हटकर कोइरी जाति के उम्मीदवार को टिकट दिया। यही प्रयोग वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन ने किया। यह सीट कांग्रेस से लेकर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को दे दिया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने यहां से कोईरी उम्मीदवार उपेंद्र प्रसाद को मैदान में उतारकर प्रयोग किया। लेकिन पिछले दोनों लोकसभा में यह प्रयोग सफल नहीं हो सका। सुशील सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने में वर्ष 2014 व 19 में सफल रहे।
वर्ष 2024 का लोकचुनाव महत्वपूर्ण बिहार में जातीय सर्वे आने के बाद दिलचस्प हो गया है। दो चुनावों में औरंगाबाद लोकसभा को लेकर प्रमुख दलों द्वारा किया जा रहा जातिए प्रयोग क्या इस बार भी होगा इसकी सम्भावनाएं कम ही दिख रही है। एकबार फिर पूर्व की तरह एक ही जाति के उम्मीदवार आमने सामने चुनाव मैदान में होना लगभग तय है।

जानिये औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से अबतक कौन कौन सांसद

  • 1950: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1952: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1957: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1971: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1977: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1980: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1984: सत्येंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस
  • 1989: राम नरेश सिंह, जनता दल
  • 1991: राम नरेश सिंह, जनता दल
  • 1996: वीरेंद्र सिंह, जनता दल
  • 1998: सुशील कुमार सिंह, समता पार्टी
  • 1999: श्यामा सिन्हा, कांग्रेस
  • 2004: निखिल कुमार, कांग्रेस
  • 2009: सुशील कुमार सिंह, जनता दल (यूनाइटेड)
  • 2014: सुशील कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी
  • 2019: सुशील कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी

औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा
औरंगाबाद
कुटुंबा
रफीगंज
टिकारी
गुरुआ
इमामगंज

औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र
कुल मतदाता-18620227
पुरुष मतदाता- 972621
महिला मतदाता- 879373
थर्ड जेंडर- 33