पति से पंगा होने पर गुस्सें में विवाहिता ने लगाया फंदा, परिजनों ने बचाया, प्रारंभिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के ओबरा थाना के दौलतपुर गंज गांव में पारिवारिक विवाद में एक विवाहिता द्वारा सोमवार को फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।

हालांकि फंदा लगाने के तत्काल बाद परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने विवाहिता को फंदे से उतार कर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया। सदर अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने विवाहिता की हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया। महिला की पहचान मिनिता देवी(25) के रूप में की गई है, जो उसी गांव के निवासी राहुल कुमार की पत्नी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक विवाहिता का किसी बात को लेकर घर में पति से विवाद हुआ। पति-पत्नी के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद नाराज हुई महिला गुस्से में आकर बंद कमरे में फंदे से झूल गई। गनीमत यही रही कि घर के परिजनों ने महिला को फंदा लगाते देख लिया। लिहाजा फांसी से लटकने के दौरान ही परिजनों ने किसी तरह विवाहिता को फंदे से निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां, प्राथमिक इलाज के बाद महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वही सदर अस्पताल से भी नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में महिला के परिजन कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। फिलहाल महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।