BBOSE में TOC के लिए 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, दो विषयों के अंक होंगे ट्रांसफर

पटना : बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) में ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट (टीओसी) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू हुई थी। इसके तहत दूसरे मान्यता प्राप्त बोर्ड की परीक्षा में असफल विद्यार्थी अपने अधिकतम दो विषयों के अंक बीबोस में स्थानांतरित करा सकते हैं। इससे उन्हें संबंधित विषयों की परीक्षा दोबारा नहीं देनी होगी।

दो विषयों के अंक होंगे ट्रांसफर

टीओसी की सुविधा उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है, जिन्होंने किसी अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से परीक्षा दी है, लेकिन एक या अधिक विषयों में सफल नहीं हो सके हैं। नियमानुसार, पूर्व बोर्ड के अधिकतम दो विषयों के अंक बीबोस में स्थानांतरित कराए जा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए निर्धारित पात्रता और दस्तावेजों की शर्तें पूरी करनी होंगी।

पांच विषयों के लिए कराना होगा पंजीयन

आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को टीओसी के तहत स्थानांतरित होने वाले विषयों सहित कुल पांच विषयों के लिए पंजीयन कराना होगा। इसके लिए पूर्व बोर्ड की अंकपत्र (मार्क्सशीट), माइग्रेशन प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने होंगे। पूर्व बोर्ड की मार्क्सशीट पांच वर्ष से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।

10वीं और 12वीं के समकक्ष परीक्षा कराता है बीबोस

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड राज्य सरकार की ओर से स्थापित मान्यता प्राप्त बोर्ड है। यह दसवीं और बारहवीं के समकक्ष परीक्षाएं आयोजित करता है। इसका उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने का अवसर देना है, जो किसी कारण से नियमित शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से अपनी शैक्षणिक योग्यता पूरी नहीं कर सके हैं।

महत्वपूर्ण तिथि: टीओसी आवेदन की अंतिम तिथि — 31 अक्टूबर 2026।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *