520 लीटर अवैध स्प्रिट लदी कार जब्त, चालक फरार
रिसियप थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-139 पर शिवन बिगहा गांव के समीप धर्मकांटा के पास से 520 लीटर अवैध स्प्रिट लदी कार जब्त की है। पुलिस की भनक लगते ही चालक कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर वह कार को सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
रिसियप थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम एनएच-139 पर रात्रि गश्त और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने पुलिस को देखकर वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूर आगे चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें नीले रंग के 13 प्लास्टिक गैलन बरामद हुए। प्रत्येक गैलन में 40 लीटर स्प्रिट भरी थी। इस तरह कुल 520 लीटर स्प्रिट बरामद की गई। पुलिस को आशंका है कि स्प्रिट का इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने अथवा उसकी तस्करी में किया जाना था।
पुलिस ने कार और स्प्रिट को जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। वहीं, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
