12 चक्का ट्रक में 1,380 कार्टूनों में छिपाकर लाई जा रही थी खेप, ओडिशा का चालक गिरफ्तार; इंदौर से बिहार पहुंचाने की थी योजना
अंबा (औरंगाबाद)। बिहार में शराबबंदी के बीच अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह एनएच-139 स्थित एरका चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक 12 चक्का ट्रक से 14,880 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब 1,380 कार्टूनों में छिपाकर बिहार लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
उत्पाद अधीक्षक मनोज राय के निर्देश पर एसआई प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में एरका चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होते ही विभाग के अधिकारियों ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
इंदौर से बिहार लाई जा रही थी खेप
उत्पाद अधीक्षक मनोज राय ने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान ओडिशा के जगतसिंहपुर निवासी पप्पू मल्लिक के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के इंदौर से शराब की खेप लेकर चला था। बिहार सीमा में प्रवेश करने के बाद फोन के माध्यम से संपर्क कर शराब को स्थानीय कारोबारियों तक पहुंचाने की योजना थी। इससे पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने तस्करी की खेप पकड़ ली।
मोबाइल नंबर बंद, तस्करी नेटवर्क की तलाश तेज
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर उत्पाद विभाग अब शराब के संभावित खरीदारों और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुट गया है। चालक द्वारा उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर फिलहाल बंद बताया जा रहा है। विभाग को आशंका है कि इस कारोबार के पीछे अंतरराज्यीय शराब तस्करों का नेटवर्क सक्रिय है। शराब बिहार में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में एसआई प्रदीप कुमार सिंह, एएसआई राजेश कुमार सहनी, श्याम बहादुर कुमार, एमटीएस मनीष कुमार सिंह, सुदामा ठाकुर, स्कैनर राजेश कुमार तथा सैफ जवान शंकर पासवान और रंजन कुमार शामिल थे। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है।
