- वाल्मीकिनगर बैराज पर छह घंटे में पहुंच सकती है बाढ़ की लहर, गंडक के जलस्तर में 50 से 100 सेंटीमीटर तक वृद्धि की आशंका
पटना: नेपाल में भूस्खलन के बाद बूढ़ी गंडक नदी का प्रवाह बाधित होने से अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की स्थिति उत्पन्न हो गई है। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में रविवार सुबह हुई इस घटना के बाद जगत क्षेत्र में पांच से सात मकान बहने की प्रारंभिक सूचना है। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बाढ़ की लहर लगभग छह घंटे में वाल्मीकिनगर बैराज पहुंच सकती है। इससे गंडक नदी के जलस्तर में 50 से 100 सेंटीमीटर तक वृद्धि होने की आशंका है।

विभाग के मुताबिक, फिलहाल इस घटना का बिहार के भारतीय क्षेत्र पर बड़े प्रभाव की संभावना नहीं है। इसके बावजूद संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल में नदी के निचले प्रवाह वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।
बैराज पर 50 हजार से बढ़कर 75 हजार क्यूसेक हो सकता है जलस्राव
जल संसाधन विभाग के आकलन के अनुसार, भूस्खलन प्रभावित स्थल भारत-नेपाल सीमा से लगभग 180 से 210 किलोमीटर दूर है। यहां से निकला मटमैला पानी फिलहाल नेपाल के देवघाट क्षेत्र से गुजर रहा है, जो वाल्मीकिनगर बैराज से करीब 80 किलोमीटर ऊपर स्थित है।
इस जलप्रवाह के कारण गंडक नदी के जलस्तर में करीब 27 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग ने आगे जलस्तर में 50 से 100 सेंटीमीटर तक वृद्धि की आशंका जताई है। बाढ़ की लहर वाल्मीकिनगर बैराज पहुंचने पर पानी के जलस्राव में करीब 25 हजार क्यूसेक की बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में बैराज से लगभग 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो बढ़कर करीब 75 हजार क्यूसेक तक पहुंच सकता है। विभाग के अनुसार, यह जलस्राव सामान्य सीमा के भीतर रहने की संभावना है।
नेपाल में नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह
भूस्खलन के कारण नदी का प्रवाह प्रभावित होने से अचानक पानी बढ़ने की स्थिति बनी है। नेपाल के अधिकारियों ने बूढ़ी गंडक के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। लोगों से नदी तट के पास नहीं जाने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की गई है।
बिहार में जल संसाधन विभाग अलर्ट
जल संसाधन विभाग के अनुसार, फिलहाल नेपाल में बारिश नहीं हो रही है। उपलब्ध आकलन के आधार पर बिहार में इस घटना से बड़े नुकसान की आशंका नहीं जताई गई है। हालांकि, बैराज पर संभावित जलप्रवाह और गंडक के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जरूरत पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
