बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई: 3 लोकसेवक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, BDO के 5 ठिकानों पर छापेमारी

पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन भ्रष्ट लोकसेवकों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

20 हजार रुपये रिश्वत लेते JE गिरफ्तार

जहानाबाद सदर प्रखंड में मनरेगा (अब वीबी-जी राम जी) के तहत तैनात कनीय अभियंता अमन कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। निगरानी टीम ने उन्हें जहानाबाद के अंबेडकर चौक के पास स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार किया।

मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कुमरडीह गांव निवासी अशोक कुमार ने उनके खिलाफ निगरानी विभाग में शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार जामुक पंचायत में मनरेगा के तहत करीब 6.77 लाख रुपये की तीन योजनाओं के पूरा होने के बाद मापी पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने के एवज में तीन प्रतिशत रिश्वत की मांग की गई थी।

शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद निगरानी डीएसपी आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया और कार्रवाई की गई।

शेखपुरा DTO कार्यालय का लिपिक 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई शेखपुरा जिला परिवहन कार्यालय में हुई। यहां लिपिक कुणाल कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया।

उनके खिलाफ अरियरी थाना क्षेत्र के डीहा निवासी राजू प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि यूपी नंबर वाले कृषि ट्रैक्टर को बिहार नंबर में परिवर्तित कराने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। डीएसपी राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए लिपिक को गिरफ्तार किया।

पटना में दारोगा 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई पटना के जेपी गंगा पथ यातायात थाना (गांधी मैदान) में हुई। यहां तैनात दारोगा उपेंद्र साह को थाना के सिरिस्ता कक्ष से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बड़ी तकिया गांव निवासी जमील अंसारी ने उनके खिलाफ शिकायत की थी। आरोप है कि कब्जे में रखे वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत सही पाए जाने के बाद डीएसपी श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में धावादल गठित कर कार्रवाई की गई।

इस साल 99 ट्रैप मामलों में 99 आरोपी गिरफ्तार

निगरानी विभाग के अनुसार, इस साल अब तक कुल 107 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें 99 मामले ट्रैप से संबंधित हैं और इन मामलों में अब तक 99 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

इन कार्रवाई में अब तक 36 लाख 58 हजार 800 रुपये और एक नई वॉशिंग मशीन जब्त की जा चुकी है। वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज हुए थे और इनमें 37 लाख 80 हजार 300 रुपये बरामद किए गए थे।

BDO आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला

इधर, आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की है। उनके खिलाफ वैध आय के स्रोतों से करीब 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से 121.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

EOU की टीम ने डीएसपी रैंक के अधिकारियों के नेतृत्व में बीडीओ से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली।

इनमें पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र के लालबेगिया स्थित पैतृक आवास, दो फ्लैट, दानापुर के आशोपुर स्थित सांई बिहार अपार्टमेंट के दो फ्लैट, दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड स्थित कार्यालय एवं आवास और मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास शामिल हैं।

तलाशी में जमीन-जायदाद और निवेश के दस्तावेज बरामद

EOU की छापेमारी के दौरान विभिन्न ठिकानों से बड़ी संख्या में जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, निवेश संबंधी कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *