जिम्मेदारों की चुप्पी से आक्रोश, पूर्व सांसद को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों-व्यवसायियों ने मांगा तत्काल समाधान

अंबा में समस्याओं का अंबार, कहीं धूल का गुबार तो कहीं शवदाह गृह का रास्ता बदहाल
जर्जर सड़क और जलजमाव से लोग परेशान, पूर्व सांसद को सौंपा ज्ञापन
अंबा, औरंगाबाद : नगर पंचायत अंबा में जनसमस्याओं का अंबार लगा हुआ है। एक तरफ अंबा-नवीनगर मार्ग की जर्जर सड़क और भारतमाला परियोजना के निर्माण से उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, तो दूसरी तरफ बटाने नदी तट स्थित शवदाह गृह तक जाने वाला रास्ता जलजमाव से खाई में तब्दील हो गया है।
समस्याओं से त्रस्त ग्रामीणों और व्यवसायियों ने पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह को अलग-अलग मांग पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि शवदाह गृह तक पहुंचने वाला रास्ता लंबे समय से बदहाल है। हाल ही में अंबा निवासी राजा प्रसाद के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को कमर भर पानी से होकर ले जाना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी पर पुल निर्माण के बाद रास्ते की स्थिति और बिगड़ गई है।
वहीं, नवीनगर रोड स्थित तमसी गेट के पास भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से दिनभर धूल का गुबार उड़ रहा है। इससे दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है और राहगीरों व व्यवसायियों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। मेह पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों का सारा दबाव इसी मार्ग पर आ गया है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पूर्व का टेंडर तकनीकी कारणों से रद्द हो गया था और अब री-टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
व्यवसायियों ने मांग की है कि स्थायी सड़क निर्माण शुरू होने तक बाजार क्षेत्र में तत्काल अस्थायी पिचिंग कराई जाए और निर्माण कंपनी को दिन में कई बार पानी का छिड़काव करने का सख्त निर्देश दिया जाए।
