अंबा में गूंजा न्याय का नारा, नाबालिग से दुष्कर्म के खिलाफ उमड़ा जनसैलाब

अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में मंगलवार को अंबा में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने सड़क पर उतरकर आक्रोश मार्च निकाला और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

चिल्हकी हाई स्कूल मैदान से शुरू हुआ मार्च औरंगाबाद रोड, देव रोड, हरिहरगंज रोड व नवीनगर रोड होते हुए मुख्य चौक पहुंचा। हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। मुख्य चौक पर मार्च सभा में तब्दील हो गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि नाबालिग के साथ हुई ऐसी घटना समाज के लिए बेहद गंभीर चिंता का विषय है। प्रदर्शनकारियों ने तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का स्पीडी ट्रायल कराने और दोष सिद्ध होने पर कठोरतम सजा देने की मांग की।

Oplus_16908288

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मार्च में रविंद्र राम, कृष्णा राम, कन्हैया कुमार, रामजनम राम, करण पासवान, लीला देवी, रिंकू देवी, दशरथ भारती, प्रवीण कुमार, नवीन कुमार, अजय मेहता, वीरेंद्र मेहता, गुड्डू राम, धनंजय कुमार, बिरजू बिहारी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *