दिल्ली में शोर-शराबे का विरोध करने पर मणिपुरी संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या, 8 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत किलोकरी गांव में देर रात शोर-शराबे का विरोध करना मणिपुर के एक संगीतकार को भारी पड़ गया। उपद्रवियों ने 54 वर्षीय संगीतकार सी. विक्रम सिंह की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर एक नाबालिग समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शोर मचाने से मना करने पर बढ़ा विवाद

मूल रूप से मणिपुर के रहने वाले और मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले विक्रम सिंह पिछले दो दशकों से दिल्ली में रह रहे थे और एक संस्थान में संगीतकार व गिटारिस्ट के पद पर कार्यरत थे। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) विनीत कुमार के अनुसार, सोमवार सुबह उनके घर के बाहर कुछ डिलीवरी बॉय और स्थानीय ढाबा कर्मचारी जोर-जोर से शोर-शराबा कर रहे थे। लगातार हो रहे हंगामे से परेशान होकर विक्रम सिंह नीचे आए और उन्हें शांत रहने को कहा। इसी बात पर आरोपियों से उनकी तीखी कहासुनी हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, फुटेज से पकड़े गए आरोपी

कहासुनी के बाद गुस्साए आरोपियों ने विक्रम सिंह को घेर लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उनका बेटा उन्हें तुरंत पास के होली फैमिली अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पहचान के आधार पर भरत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, दीपांशु, मोहन कुमार, विजय, मन्नू और एक नाबालिग को दबोच लिया।

पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस दर्दनाक घटना ने राष्ट्रीय राजधानी में पूर्वोत्तर के नागरिकों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस हमले ने राजधानी में नॉर्थ-ईस्ट के लोगों द्वारा झेले गए पुराने जख्मों को फिर से हरा कर दिया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *