(औरंगाबाद)। बिहार-झारखंड सीमा पर चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ खनन विभाग ने रविवार रात बड़ी कार्रवाई की। अंबा थाना क्षेत्र में जांच के दौरान टीम ने अवैध कोयला लदे पांच हाइवा जब्त किए। चालक कोयले के स्रोत और परिवहन से संबंधित वैध कागजात व चालान नहीं दिखा सके। सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए अंबा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।विभाग को सूचना मिल रही थी कि झारखंड से अवैध तरीके से कोयला लाकर अंबा और कुटुंबा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में बनाए गए डिपो में डंप किया जा रहा है। यहां से हाइवा और ट्रकों के जरिए एनएच-139 के रास्ते डेहरी समेत अन्य इलाकों में कोयले की आपूर्ति की जाती है।कार्रवाई के बाद खनन विभाग ने अवैध डिपो की पहचान और जांच तेज कर दी है।
खान निरीक्षक राजू कुमार ने बताया कि डिपो संचालकों के साथ उन जमीन और मकान मालिकों की भी पहचान की जा रही है, जिन्होंने अवैध कारोबार के लिए अपनी संपत्ति किराए पर दी है। जांच में दोषी पाए जाने वालों पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि जब्त वाहनों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना जमा नहीं करने पर वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
