पटना/बिहटा: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव स्थित सोन नदी घाट पर अवैध बालू खनन के दौरान नाविकों से रंगदारी वसूली की सूचना पर पहुंची पुलिस और हथियारबंद अपराधियों के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक पुलिस पदाधिकारी घायल हुए, जबकि गोली लगने से अपराधी अनीश कुमार घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके साथी पियूष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पटना पुलिस के अनुसार, अवैध खनन के दौरान नाविकों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूली की सूचना पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम नाव के माध्यम से रंगदारी वसूली के लिए जा रहे संदिग्ध अपराधियों को रोकने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की।
पुलिस की 22 और अपराधियों की 40 राउंड फायरिंग
मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड, जबकि पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। अपराधियों की गोली एक पुलिस पदाधिकारी के हाथ को छूते हुए निकल गई। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार भी घटना में घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी अनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य अपराधी अंधेरे और नदी का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनका पीछा करने के लिए पुलिस टीम द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्बाइन, रायफल, पिस्टल और कट्टा बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक देशी कट्टा, दो देशी पिस्टल, एक रायफल, एक देशी कार्बाइन और करीब 25 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा बालू लदी नाव को भी जब्त किया गया है।
अनीश के खिलाफ छह मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, घायल अपराधी अनीश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। पिछले वर्ष भी उससे संबंधित AK-47 हथियार बरामद किया गया था। उसके खिलाफ छह अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार पियूष कुमार का भी आपराधिक इतिहास पाया गया है।
पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पटना पुलिस ने कहा है कि अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
