पटना। पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर), हाजीपुर को नया महाप्रबंधक (General Manager) मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति (ACC) ने भारतीय रेल यांत्रिक सेवा (IRSME) के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी डिंपी गर्ग की पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा 25 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, वह 1 सितंबर 2026 से या पदभार ग्रहण करने की तिथि से पूर्व मध्य रेलवे की कमान संभालेंगे।

रेलवे मंत्रालय के प्रस्ताव पर कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने डिंपी गर्ग की नियुक्ति पे मैट्रिक्स लेवल-16 के एक्स-कैडर पद पर स्वीकृत की है। आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति संबंधित पद पर रिक्ति होने के बाद प्रभावी होगी।
31 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे वर्तमान जीएम छत्रसाल सिंह
पूर्व मध्य रेलवे के मौजूदा महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान पूर्व मध्य रेलवे ने माल ढुलाई, यात्री राजस्व, बुनियादी ढांचा विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब 1 सितंबर से डिंपी गर्ग उनकी जगह कार्यभार संभालेंगे।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि डिंपी गर्ग के नेतृत्व में पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार, माल परिवहन क्षमता बढ़ाने, रेल सुरक्षा तथा परिचालन दक्षता से जुड़े कार्यों को नई गति मिल सकती है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को भी मिला नया महाप्रबंधक
इसी नियुक्ति आदेश में भारतीय रेल यांत्रिक सेवा (IRSME) 1989 बैच के अधिकारी विवेक खरे को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर), गुवाहाटी का नया महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है। वह 1 नवंबर 2026 से या पदभार ग्रहण करने की तिथि से कार्यभार संभालेंगे।
ACC ने जारी किया नियुक्ति आदेश
यह नियुक्ति आदेश कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिवालय के अंतर्गत कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा जारी किया गया है। आदेश की प्रतियां रेलवे बोर्ड, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और कैबिनेट सचिवालय सहित संबंधित विभागों को भी भेजी गई हैं।
