पटना। बिहार में अब पेट्रोल पंपों पर ईंधन के साथ-साथ सुधा के डेयरी उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों की उपस्थिति में बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (कॉमफेड), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बीच बहुआयामी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य डेयरी क्षेत्र का विस्तार करना, दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

एमओयू का आदान-प्रदान बिहार सरकार की ओर से डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव तथा कॉमफेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक ने किया। वहीं, एचपीसीएल की ओर से कार्यकारी निदेशक अनूप कुमार सामंत्रय और आईओसीएल की ओर से जोनल प्रमुख सुमंत झा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के तहत बिहार के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर चरणबद्ध तरीके से सुधा आउटलेट और सुधा कैफेटेरिया स्थापित किए जाएंगे। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को एक ही परिसर में पेट्रोलियम सेवाओं के साथ दूध, दही, लस्सी, मिठाई, आइसक्रीम और अन्य डेयरी उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से कॉमफेड के उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी, दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को नया बाजार मिलेगा और लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही राज्य के डेयरी क्षेत्र को नई गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सरकार ने इसे ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों और कॉमफेड की यह साझेदारी बिहार में डेयरी व्यवसाय के विस्तार और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
