अंबा (औरंगाबाद)। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार की ओर से मंगलवार (14 जुलाई) से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियांशु वसु ने सभी पात्र एवं योग्य परिवारों से समय पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। बीडीओ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया। ऑनलाइन आवेदन के लिए जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, आवेदक के हस्ताक्षर, परिवार का सामूहिक फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, परिवार के सभी सदस्यों के पहचान संबंधी दस्तावेज तथा एक सक्रिय मोबाइल नंबर अनिवार्य होगा। उन्होंने सलाह दी कि आवेदक सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि आवेदन प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि सभी आवेदन केवल स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे में पात्र परिवार समय रहते आवेदन कर खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ सुनिश्चित करें।
