बढ़ती चोरी की वारदातों ने लोगों की बढ़ाई चिंता


कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों से लेकर कस्बाई क्षेत्रों तक सक्रिय चोरों ने सोमवार की मध्यरात्रि अंबा थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में एक ही रात चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी की चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ितों में सिंहपुर निवासी रामाशीष मेहता, दिलीप मेहता, बृहस्पति मेहता और शहाबू अंसारी शामिल हैं। पीड़ितों के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और सीढ़ी से नीचे उतरकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद मुख्य दरवाजा खोलकर फरार हो गए। घटना के समय सभी लोग घर और आंगन में सो रहे थे, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
रामाशीष मेहता ने बताया कि चोर उनके घर से एक बक्सा और ट्रॉली बैग उठा ले गए। बैग में उनकी दो बेटियों के करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा वाहन की किस्त जमा करने के लिए रखे गए 1.10 लाख रुपये नकद थे। दिलीप मेहता ने बताया कि उनके घर से एक अटैची और बक्सा चोरी हुआ, जिसमें लगभग डेढ़ लाख रुपये के आभूषण और तीन हजार रुपये नकद रखे थे। चोर गांव के उत्तर दिशा स्थित टांड़ पर कपड़े फेंक गए, जिन्हें सुबह पीड़ितों ने बरामद कर घर वापस लाया।
बृहस्पति मेहता के घर से एक बक्सा चोरी हुआ, जिसमें एक जोड़ी चांदी की पायल और छह हजार रुपये नकद रखे थे। वहीं शहाबू अंसारी के घर में घुसे चोरों ने बक्से का ताला तोड़ा, लेकिन उसमें कीमती सामान नहीं मिलने पर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह नींद खुलने पर सभी परिवारों को चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ितों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंगलवार दोपहर एसडीपीओ सुशील कुमार तथा अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ितों से जानकारी ली।
थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि पीड़ितों द्वारा आवेदन दिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को जल्द ही घटना का उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *