कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोर बेखौफ होकर एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जबकि अब तक कई मामलों में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। इसी क्रम में मंगलवार की रात कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा वार्ड संख्या-8 में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दधपा वार्ड संख्या-8 निवासी सुषमा देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि 23 जून की रात करीब दो बजे अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत लगभग तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि वह कई वर्षों से मेहनत कर आभूषण जुटाई थीं।
वहीं इसी वार्ड के निवासी धर्मेंद्र कुमार वर्मा के घर भी चोरों ने धावा बोला। उनके आवेदन के अनुसार चोरों ने घर में घुसकर करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिजनों को मिली, जिसके बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने कुटुंबा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक उद्भेदन नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि दोनों मामलों में प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
