अज्ञात वाहन ने टेम्पो को रगड़ा, सवार घायल, इलाज के दौरान मौत 

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर दाउदनगर थाना क्षेत्र में पत्थरकट्टी गांव के पास गुरुवार को देर रात अज्ञात वाहन ने एक टेम्पो को बगल से रगड़ दिया। रगड़ से वाहन में किनारे की ओर बैठा एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए दाउदनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल की मौत हो गयी। मृतक  शिव यादव दाउदनगर थाना के तरार गांव का निवासी था।

बताया जाता है कि वह अपने एक परिजन को ट्रेन पकड़ाने अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन गया। ट्रेन पकड़ाने के बाद वह रात में ही टेम्पो से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें घायल होने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।