बिहार के 39 लोगों की अब तक बालासोर रेल हादसे में गई जान, 21 लापता

पटना। बालासोर रेल हादसे में अबतक बिहार के 39 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। ओडिशा के अस्पतालों में रखे शवों की पहचान होने पर यह संख्या और बढ़ सकती है। 21 अब भी लापता हैं। बिहार के 47 घायल यात्री ओडिशा के तीन अस्पतालों में भर्ती हैं। 24 मृतकों के शव परिजनों को सौंपा जा चुका है।

बालासोर गयी बिहार के चार अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को ओडिशा के मुख्य सचिव और विकास आयुक्त से मुलाकात की। घायलों के इलाज और मृतकों के शव उनके परिजनों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है। मृतकों के शव को उनके परिजनों तक पहुंचाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। 21 लापता यात्रियों की पहचान के लिए टीम बालासोर जिला प्रशासन से समन्वय बनाए हुए हैं।

मरने वाले 12 जिलों के लोग

मृतकों में मुजफ्फरपुर के सबसे ज्यादा नौ, मधुबनी के 7, पूर्वी चंपारण के 4, भागलपुर के 6, पूर्णिया, नवादा, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, जमुई के 2-2, समस्तीपुर, बांका व बेगूसराय के एक-एक हैं। वहीं लापता में मधुबनी के पांच, सीतामढ़ी के तीन, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण के 2-2, शेखपुरा, भागलपुर, गया, पटना, बेगूसराय, सीवान व खगड़िया के एक-एक शामिल हैं।