‘भारत पर्व’ के जरिए देखें मिनी भारत की झलक, 31 जनवरी को होगा समापन

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के लोगों के पास अब केवल दो दिन और मिनी भारत की झलक देखने और विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला और खान-पान से रूबरू होने का मौका है। आपको बता दें कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय लाल किला प्रागंण में 26 जनवरी से छह दिवसीय कार्यक्रम ‘भारत पर्व’ आयोजित कर रहा है, जो 31 जनवरी को समाप्त हो जायगा। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि ‘भारत पर्व’ में क्या खास है जिसे देखने के लिए आपको लाल किला जरूर जाना चाहिए।

मिनी इंडिया देखने का मौका

भारत संस्कृति और विरासत का देश है। भारत पर्व ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को पूरा करता है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से अलग-अलग कलाकार, संगीतकार, शिल्पकार और हास्य कलाकार आए हैं। आप यहां अलग-अलग राज्यों के भोजन का भी आनंद ले सकते हैं। इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि भारत पर्व के माध्यम से मिनी इंडिया देखने का ये सुनहरा अवसर है। क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के साथ-साथ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन, एक अखिल भारतीय फूड कोर्ट और 65 हस्तकला स्टालों के साथ अखिल भारतीय शिल्प बाजार इस कार्यक्रम का हिस्सा होगा।

देखें गणतंत्र दिवस की झांकी

इस साल यदि आप गणतंत्र दिवस परेड की शानदार झांकियों का आनंद लेना भूल गए है तो भारत पर्व में गणतंत्र दिवस परेड की कुछ बेहतरीन झांकियां प्रदर्शित की जा रही है। खास बात यह है कि यहां दर्शकों को सरकार की G20, एक भारत-श्रेष्ठ भारत, देखो अपना देश, जनभागीदारी योजनाओं को जानने और समझने मौका मिल रहा है।

बाजार से बने पकवान मुख्य आकर्षक

ये साल अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी को देखते हुए लाल किले के प्रागंण में 31 जनवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान सरकार मोटे अनाज को आहार में शामिल करने के मकसद से प्रचार भी कर रही है। इस मौके पर यहां दर्शकों को विभिन्न राज्यों में बाजरा से तैयार पकवान भी परोसे जा रहे है।

नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग…और भी बहुत कुछ

इस कार्यक्रम में खान-पान, झांकी के अलावा नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही है। यहां मेला, लोक और आदिवासी नृत्य प्रदर्शन भी हो रहा है।

कार्यक्रम का क्या है समय

भारत पर्व की शुरुआत 2016 में हुई थी, लेकिन पिछले दो साल कोरोना महामारी के कारण इसका आयोजन नहीं हो सका था। इस साल लाल किले के सामने लॉन और ज्ञान पथ पर 2 साल के अंतराल के बाद फिजिकल इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। भारत पर्व का आयोजन 31 जनवरी तक होगा। आगंतुक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक इस कार्यक्रम का आनंद ले सकते हैं।