वार्ड सदस्य की पत्नी की संदिग्ध अवस्था में मौत, मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराली फरार

हसपुरा(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। हसपुरा थाना क्षेत्र के टनकुपी गांव में शुक्रवार को देर शाम वार्ड सदस्य की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतका रिंकु कुमारी(28वर्ष) वार्ड सदस्य राजकिशोर सिंह उर्फ लालू की पत्नी थी। इस मामले में मृतका के मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने शव को को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के बाघेरेवा गांव के मायकेवालों ने बताया कि तीन साल पहले रिंकू की शादी टनकुपी गांव निवासी राजकिशोर सिंह के साथ हुई थी।

शादी के बाद कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक चला। तीन बच्चे भी हुए, लेकिन बाद में ससुराली दहेज की मांग करने लगे। कई बार उनको समझाया-बुझाया गया लेकिन वे नहीं माने और अंततः उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से मृतका के ससुरालवाले फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगी है। हसपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।