अज्ञात वाहन ने दो श्रमिक महिलाओं को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरे की हालत गंभीर, रेफर, विरोध में मुआवजे की मांग को ले सड़क जाम व आगजनी

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र में दाउदनगर-बारूण पथ पर एक ढ़ाबे के पास शुक्रवार की सुबह 8 बजे के करीब अज्ञात वाहन के धक्के से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। वही एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से निकल भागा। दोनों महिलाएं कृषि श्रमिक हैं।

मृतका की पहचान दाउदनगर शहर के वार्ड-5 माली टोला निवासी बिंदेश्वर प्रजापति की पत्नी रीता देवी(52) के रूप में की गई है। वही दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल धनरजिया देवी(50) शहर के वार्ड-5 जाट टोली निवासी दुखी सिंह की पत्नी हैं। बताया जाता है कि दोनों महिलाएं शुक्रवार की सुबह खेतों में मसूर की कटनी करने पैदल ही पास के किसी गांव में जा रही थी। इसी दौरान दाउदनगर-बारुण पथ पर एक ढाबे के पास अज्ञात वाहन ने दोनो को रौंद डाला, जिससे रीता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि धनरजिया गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को दाउदनगर के अनुमंडतीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर किया गया है। वही दुर्घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये।

उन्होने मुआवजे की मांग को लेकर दाउदनगर-बारुण पथ को सोन पुल चौराहा के पास जाम कर दिया। जाम के दौरान सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की गई। करीब ढ़ाई घंटे तक सड़क जाम रहा। ग्रामीण पथ होने और सुबह का समय होने के कारण इस पथ पर आवागमन का ज्यादा दबाव नही था, इस स्थिति में जाम ज्यादा लंबा नही लगा। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर सदल बल पहुंचे दाउदनगर थानाध्यक्ष गुफरान अली ने काफी मशक्कत कर लोगो समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। वही मौके पर स्थिति सामान्य है और दाउदनगर-बारूण पथ पर वाहनों का आवागमन बहाल हो गया है।