सांप के साथ सर्पदंश की शिकार महिला को अस्पताल लेकर आ गये परिजन, फिर हुआ क्या?

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद सदर अस्पताल में सोमवार की दोपहर में अचानक से सनसनी मच गई। वजह यह रही कि सर्पदंश की शिकार हुई महिला को परिजन इलाज के लिए सांप को लिए हुए साथ आ गये।

हालांकि लोगो ने महिला को डसने के बाद सांप को मार दिया था। यदि सांप को जिंदा पकड़ कर लाया गया होता तो वाकया ही कुछ और हो जाता। इसके बावजूद मरे हुए सांप को झोले से निकालने के बाद जो होना था, सो हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को रफीगंज थाना क्षेत्र के सिमरा जमशेद गांव के रामपुकार शर्मा की पत्नी मालती देवी घर में काम कर रही थी। कुछ सामान इधर से उधर करते समय उसे सांप ने डस लिया। महिला की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, वह भयभीत हो गई। वह जोर जोर से चिल्ला कर कहने लगी कि उसे सांप ने डस लिया है।

परिजनों को आवाज लगाते हुए कहा कि एक ईंट के घर मे छोड़े गए रेक से जहरीले सांप ने काट लिया। वह कुछ सामान को उस जगह से निकाल रही थी। तभी हाथ में सांप पकड़ा गया और सांप ने अंगुली पर ही डंस लिया। आनन-फानन में परिजनों ने महिला को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर स्वास्थ्य को ठीक बताया। परिजनों ने बताया कि महिला मालती देवी अभी ठीक हैं लेकिन बाद में इस जहरीले सांप का असर तेज हो जाता है। इसलिए हम लोग डरे सहमे हैं। महिला को इलाज के लिए लाने के पहले ही परिजनों ने उस सांप को पकड़ लिया और फिर उसे जान से मारने के बाद डॉक्टरों को दिखाने के लिए कि इसी सांप ने काटा है, बताने के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर चले आएं। डॉक्टरों को दिखाने के लिए परिजनों ने जैसे ही झोले से मरे हुए सांप को निकाला, वैसे ही वहां पर मौजूद लोग दंग और अवाक रह गये। थोड़ी देर के लिए अफरा तफरी सी मच गया। सांप देखने के बाद डॉक्टरों ने उसे फिर से झोले में रखवाया। तब जाकर अस्पताल में शांति का माहौल बना। इसके बाद डॉक्टरों ने महिला का इलाज किया।