जूनियर रेडक्रॉस ने रक्तदान शिविर के जरिए मानवीय सेवा व सामाजिक दायित्व का दिया संदेश

औरंगाबाद: जूनियर रेड क्रॉस औरंगाबाद के तत्वावधान में मानवीय सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन जूनियर रेड क्रॉस औरंगाबाद के जिला काउंसलर सह सचिव डॉ निरंजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और यह जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं, आपातकालीन चिकित्सा, प्रसव, गंभीर बीमारियों एवं शल्य चिकित्सा के दौरान रक्त की निरंतर आवश्यकता रहती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं जीवनदायी सिद्ध होते हैं।

यह रक्तदान शिविर बारुण प्रखंड के राजकीयकृत देवबंशी उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुंदरगंज के शिक्षकों तथा जूनियर रेड क्रॉस के सदस्यों के सहयोग से आयोजित किया गया। जिला काउंसलर ने युवाओं एवं छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि जूनियर रेड क्रॉस का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में सेवा भाव, अनुशासन, त्याग एवं सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना है।

चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में हुआ रक्तदान

शिविर में उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरगंज के प्रधानाध्यापक डॉ. राकेश कुमार, रेडिया मध्य विद्यालय के गोविंदा सिंह, शिक्षक शिवम कुमार, रवि रंजन कुमार, आलोक कुमार सिंह, कमल किशोर, संतोष कुमार, देवकुंड उच्च माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका मधु कुमारी सहित कई शिक्षक, विद्यार्थी, युवा एवं जूनियर रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

रक्त संग्रह की प्रक्रिया प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ एवं निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई। रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रक्तदान के पश्चात उन्हें चिकित्सकीय परामर्श, जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के अंत में जिला काउंसलर सह सचिव निरंजय कुमार ने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय दल, स्वयंसेवकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।