दलों की मिट जाएंगी दूरियां, रामविलास पासवान की प्रतिमा अनावरण समारोह में 5 जुलाई को हाजीपुर में होगा सभी पार्टियों के नेताओं-कार्यकर्ताओं का महा जुटान : सोनू सिंह

औरंगाबाद से भी होगी व्यापक भागीदारी : अनूप

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। लोजपा(रामविलास) ने पार्टी के संस्थापक स्व. रामविलास पासवान की जयंती पर 5 जुलाई को उनकी कर्मभूमि हाजीपुर में आदमकद प्रतिमा के अनावरण समारोह में दलों की सीमा से उपर उठकर राजनीतिक दलों एवं अवाम से व्यापक भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

पार्टी संसदीय बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह उर्फ सोनू सिंह, प्रदेश सचिव सह पूर्व जिलाध्यक्ष व विस चुनाव में रफीगंज से पार्टी प्रत्याशी रहे मनोज सिंह एवं पार्टी के औरंगाबाद जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि 5 जुलाई 1946 को खगड़िया के छोटे से गांव सहरबन्नी में जन्म लेने वाले रामविलास पासवान हम सभी के आदर्श रहे है। उन्होने हाजीपुर को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाया और जीत की संख्यात्मक आंकड़े के मामले में दो बार विश्व रिकार्ड बनाया। राजनीतिक-संसदीय जीवन में वे कई महत्वपूर्ण विभागों के केंद्रीय मंत्री रहे। उनका राजनीतिक जीवन पूरी तरह स्वच्छ और बेदाग रहा है, जो वर्तमान राजनीतिज्ञों के लिए प्रेरणास्त्रोत है। कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति के लोगो की भलाई के लिए किये गये कार्यों को लेकर उन्हे देश का दूसरा अंबेडकर कहा जाता है। ऐसे महान नेता द्वारा स्थापित पार्टी का कार्यकर्ता होना हम सबके लिए गौरव की बात है। लोजपा(रा) के नेताओं ने कहा कि रामविलास पासवान के निधन के बाद पार्टी ने उनकी स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए उनकी कर्मभूमि हाजीपुर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की गयी है। प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने के लिए स्व. पासवान के सुपुत्र व पार्टी सुप्रीमो सांसद चिराग पासवान ने सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया है। उम्मीद है कि सभी दलों के नेता दल की सीमा से उपर उठकर इस समारोह में भाग लेंगे क्योकि स्व. पासवान सभी दलों के नेताओं के लिए चहेते और प्रिय थे। इस नाते स्व. पासवान के सम्मान में आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में दलों की दूरियां मिट जाएंगी और सभी दल के लोग शामिल होंगे। नेताओं ने कहा कि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ ही वे भी औरंगाबाद के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं से दल की सीमा से परे हटकर व्यापक भागीदारी निभाने का आह्रवान करते है। उम्मीद है कि औरंगाबाद से भी दूसरे दलो के नेता हाजीपुर में इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

लोजपा संसदीय बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि इस कार्यक्रम में औरंगाबाद से पांच हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य लेकर चल रहे है। इस लक्ष्य के अनुसार संसधनों का इंतजाम किया जा रहा है। वही रफीगंज से प्रत्याशी रहे मनोज सिंह ने दावा किया कि रफीगंज विस क्षेत्र से अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा ज्यादा कार्यकर्ताओं की भागीदारी कार्यक्रम में होगी। वही जिलाध्यक्ष ने कहा कि चिराग पासवान अपने पिता के नक्शे कदम पर चल रहे है। उनकी लोकप्रियता का ग्राफ निरंतर बढ़ रहा है। अपने पिता के समान ही चिराग का राजनीतिक व्यक्तित्व विराट है और उनका राजनीतिक सम्मान निरंतर उंचाईयों को छू रहा है। यह कार्यक्रम भी उनके राजनीतिक कद को और बुलंद करेगा और आने वाले दिनों में हमारी पार्टी देश की नंबर वन पार्टी बनेगी। प्रेसवार्ता में लोजपा(रा) चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. रामविलास पासवान, लीगल सेल के जिलाध्यक्ष मार्कंडेय त्रिवेदी, औरंगाबाद प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार एवं जिला मीडिया प्रभारी सुधीर शर्मा भी मौजूद थे।