नेशनल हाईवे 139 स्थित उत्पाद चेकपोस्ट एरका पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नंबर के एक मिनी ट्रक (कंटेनर) से 258.60 किलोग्राम अफीम का डोडा बरामद किया है। मामले में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग के अनुसार झारखंड की ओर से आ रहे कंटेनर की जांच के दौरान स्कैनर मशीन में संदिग्ध सामग्री का संकेत मिला। इसके बाद वाहन की गहन तलाशी लेने पर 11 बोरों में छिपाकर रखा गया 258.60 किलोग्राम अफीम का डोडा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी पवन कुमार और सुखमिंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाया जा रहा है।
जांच दल के प्रभारी उत्पाद पदाधिकारी राजेश सहनी के बयान पर दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्ती की पूरी कार्रवाई कुटुंबा के अंचलाधिकारी (मजिस्ट्रेट) चंद्र प्रकाश की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।
