भारतीय नारी दिवस घोषित हो सीता नवमी : संजय पासवान

  • मंगलवार को जानकी नवमी पर विधान परिषद सभागार में आयोजित होगा सीता सखी सम्मान

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। जानकी नवमी पर सीता तीर्थ क्षेत्र न्यास के द्वारा बिहार विधान परिषद के सभागार में 10 मई (मंगलवार) को सीता सखी सम्मान का आयोजन किया गया है।

पटना के बैंक रोड में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए सीता तीर्थ क्षेत्र न्यास के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री व विधान पार्षद प्रो. संजय पासवान ने जानकी नवमी पर बिहार सरकार द्वारा अवकाश घोषित करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी।

प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते सीता तीर्थ क्षेत्र न्यास के संस्थापक डॉ. संजय पासवान।

उन्होंने कहा कि बिहार में सीता माई नहीं दाई हैं। सीता बिहार की बेटी हो सकती हैं, बहन हो सकती हैं, बुआ हो सकती हैं लेकिन वो माई सरयू पर में हैं। बिहार में जानकी नवमी पर भव्य आयोजन हो इसका प्रयास हो रहा है। उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि सीता सखी सम्मान का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री रेणु देवी करेंगी। वहीं अध्यक्षता शिक्षाविद पूर्व विधान पार्षद डॉ. किरण घई करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह हैं।

डॉ. संजय पासवान ने कहा कि सीता नवमी को भारत सरकार भारतीय नारी दिवस में घोषित करे। कहा कि हमलोगों के प्रयास से ही बिहार सरकार ने 7-8 वर्ष पूर्व जानकी नवमी पर राजकीय अवकाश घोषित किया था। अब भारत सरकार से इस दिवस को भारतीय नारी दिवस घोषित करने की मांग करता हूं। उन्होंने जानकी नवमी को हर घर में उत्सव के रूप में मनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में सीता तीर्थ क्षेत्र न्यास की संचालक डॉ. पल्लवी विश्वास, मीडिया प्रभारी अभिनव मौजूद थे।