सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई जाएगी रामविलास पासवान की जयंती : संजय पासवान


पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। कबीर के लोग संगठन की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री व लोजपा के संस्थापक समाजिक न्याय के पुरोधा रामविलास पासवान की जयंती पर ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया।

वेबिनार में मुख्य वक्ता पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान ने स्व. रामविलास पासवान के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। अपने सम्बोधन में डॉ. संजय पासवान ने कहा कि हमने बाबा साहब भीम राव आम्बेडकर को नहीं देखा, कांशीराम को नहीं देखा, बाबू जगजीवन राम के साथ काम करने का मौका नहीं मिला लेकिन रामविलास पासवान में तीनों नेताओं की झलक देखने को मिली।

संघर्ष के दिनों में भी और सरकार में भी उनके कामकाज को हमने नजदीक से देखा। वे वंचित जमात के साथ हमेशा खड़े रहे। रामविलास जी केंद्र में विभिन्न मंत्रालयों में रहते हुए बेहतरीन काम किया। डॉ. पासवान ने कहा कि रामविलास पासवान की जयंती अब सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई जाएगी।

रामविलास पासवान के साहित्य व इतिहास का लेखन व संयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामविलास जी की पुण्यतिथि पर एक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी, वहीं अगले वर्ष जयंती के मौके पर किताब का प्रकाशन किया जायेगा।
वेबिनार में अतिपिछड़ा मोर्चा के नरेश पासवान, ऑल इंडिया हॉकर्स फोरम के इरफान अहमद फातमी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा समेत कई राज्यों व बिहार के कई जिले से प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।