पुलिस पदाधिकारी से बदसलूकी महंगी पड़ी, पांच आरोपी गिरफ्तार

रिसीयप थाना पुलिस ने दोमुहान पुल के समीप शुक्रवार की भोर में शराब के नशे में हंगामा कर रहे तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि दोमुहान पुल के पास वाहन जांच एवं गश्ती के दौरान कुछ युवक शराब के नशे में मिले। आरोप है कि वे अनियंत्रित एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे। पुलिस द्वारा रोककर पूछताछ किए जाने पर उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों के साथ बदसलूकी भी की। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में रिसीयप थाना कांड संख्या 129/26 दर्ज की गई है। प्राथमिकी में कर्मा रोड निवासी अंकित कुमार, गंगटी निवासी कुमार हर्ष एवं राहुल सिंह, अनुग्रह नगर निवासी निखिल कुमार सिंह तथा बेली मझहर निवासी निशांत कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *