झारखंड सीमा पर शराब तस्करों ने कुटुंबा थानाध्यक्ष व चालक को कुचला

अम्बा (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के झारखंड सीमा के पास बोलेरो सवार शराब तस्करों ने कुटुंबा थानाध्यक्ष व उनके वाहन चालक सिपाही को कुचल दिया।

बताया जाता है कि कुटुंबा थाना क्षेत्र के झारखंड की सीमा पर स्थित बाला सिमरी गांव के पास ग्रामीण सड़क पर मंगलवार को शराब तस्करों ने अपनी स्कार्पियो से थानाध्यक्ष बलवंत सिंह और उनके साथ रहे चालक विजय कुमार को कुचल दिया। दोनों बाइक से थे। शराब लदे वाहनों को पकड़ने में लगे थे।

झारखंड के पलामू जिले से शराब लेकर औरंगाबाद की ओर तस्कर आ रहे थे। शराब लदी बोलेरो के आगे स्कार्पियो से लाइनर का काम कर रहे तस्करों को जैसे ही थानाध्यक्ष और चालक ने रुकने का इशारा किया कि तस्करों ने दोनों को कुचलते हुए फरार हो गए। इस दौरान थानाध्यक्ष और चालक की जान बाल-बाल बची है।

घायल थानाध्यक्ष और चालक दोनों किसी तरह कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचे और इलाज कराया है। दोनों की स्थिति चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करों की वाहन की चपेट में आने से वे और चालक सड़क से खेत के गिर गए जिससे जान बची। इसके बाद मौका पाकर तस्कर भागने में सफल रहे।