कन्हैया को कांग्रेस में मिली बड़ी जिम्मेवारी, पार्टी ने बनाया NSUI का प्रभारी

नई दिल्ली। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। कन्हैया कुमार को कांग्रेस के स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का प्रभारी नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने एक प्रेस रिलीज जारी कर ये जानकारी दी। बता दें इससे पहले रूचि गुप्ता एनएसयूआई की प्रभारी थीं और उन्होंने लगभग ढाई साल पहले पद से इस्तीफा दे दिया था। कन्हैया कुमार को यह बड़ी जवाबदेही ऐसे समय में दी गई है जब 2024 में लोकसभा का चुनाव होना है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्र जारी किया

के.सी.वेणुगोपाल ने कहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कन्हैया कुमार को तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) का एआईसीसी प्रभारी नियुक्त किया है। कन्हैया जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष के रूप में काफी चर्चित रहे हैं। उन्होंने सितंबर 2021 में सीपीआई छोड़ दिया था और कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर बिहार के बेगूसराय से चुनाव लड़ा था। उन्हें बीजीपी के हिन्दूवादी नेता गिरिराज सिंह ने हरा दिया था। लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने बेगूसराय से तनवीर हसन को चुनाव मैदान में उतार दिया था जिसका बड़ा असर कन्हैया कुमार के चुनाव पर पड़ा था और वे हार गए थे।

उस समय काफी चर्चा में आए थे कन्हैया

कन्हैया कुमार उस समय में काफी चर्चा में आए थे जब फरवरी 2016 में दिल्ली पुलिस ने जेएनयू में हुए एक कार्यक्रम में देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया था! उनकी गिरफ्तारी के विरोध में देश भर में उनके समर्थकों में काफी उबाल आया था। जेएनयू में तो स्टूडेंट हड़ताल पर ही चले गए थे। कन्हैया अपने तार्किक डिबेट और भाषणों के लिए जाने जाते हैं। लालू प्रसाद से पैर छूकर आशीर्वाद लेने पर भी कन्हैया चर्चा में आए थे।