बिहार में घूमे बिना देश को जानना संभव नहीं : तेजस्वी यादव

  • उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने किया टीटीएफ 2023 का उद्घाटन
  • पर्यटन विभाग की रेडी रेकनर 2.0 व लघु फिल्म का किया गया विमोचन

पटना। पटना के ज्ञान भवन में दो दिवसीय ट्रैवेल और टूरिज्म फेयर 2023 का उद्घाटन बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, पर्यटन निगम के निदेशक नंदकिशोर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार ने पर्यटन क्षेत्र में 2019 में पर्यटकों की संख्या 3.5 करोड़ से छलांग लगाकर 2023 में अब तक लगभग 5.75 करोड़ तक पहुंच गई है। जो पर्यटक यहां आते हैं उन्हें हम कैसे 4 से 5 दिनों तक बिहार में रोक सकें ये हमारी चुनौती है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का धार्मिक, रामायण, बुद्ध, जैन, सिख और अन्य सर्किट पर विशेष ध्यान है। बिहार में जल्द ही नए अनूठे प्रस्तावों के साथ अपनी नई पर्यटन नीति लॉन्च करेगा। बिहार में काम कर रहे टूरिस्ट गाइड को सरकार ने ट्रेनिंग के साथ ही ड्रेस भी दिया है। वे अच्छे से बिहार के बारे में दूसरे प्रदेश व विदेश से आए लोगों को बता सकें इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जबतक आप घूमेंगे नहीं तबतक देश को जानना असंभव है। बिहार न केवल धार्मिक बल्कि आध्यात्मिक रूप से कई पर्यटकीय स्थलों का संगम है। यहां भगवान बुद्ध, महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी हुए, सीता मैया की जन्मभूमि यहीं है, समुंद्र मंथन जिस पर्वत से हुआ, वह मंदार पर्वत यहीं है। ऐसे सभी पर्यटकीय स्थलों का प्रचार प्रसार और वहां सुविधाओं का निर्माण करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। आज हर क्षेत्र में बिहार आगे जा रहा है। जीडीपी ग्रोथ रेट में बिहार देश में नंबर 1 है।

तेजी से आधारभूत संरचना का विकास हो रहा है। बिहार के बारे में दूसरे प्रदेशों में ज्यादा गलत खबरें फैलायी जा रही है। बिहार की छोटी घटनाओं को भी बढ़ा कर पेश किया जाता है जिससे बिहार की छवि धूमिल हो रही है। कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए बिहार की छवि खराब कर रहे हैं हम उनसे कहना चाहते हैं कि बिहार ने आपको बहुत कुछ दिया है। इसकी छवि धूमिल न करें। केंद्र सरकार की संस्था एनसीआरबी अपराध के आंकड़े जारी करती है उसमें बिहार 24वें स्थान पर है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली जहां तमाम बड़े लोग रहते हैं वह इसमें पहले स्थान पर है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि कम संसाधन में भी हम बेहतर कर रहे हैं। अगर बिहार को विशेष पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए तो बिहार देश के प्रमुख विकसित चार-पांच राज्यों की श्रेणी में होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग बिहार में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए काम कर रहे हैं। मखाना, केला, भुट्टे से बनने वाली वस्तुओं के विकास पर काम कर रहे हैं। आज सभी लोग बिहार को सराह रहे हैं। पर्यटन के क्षेत्र में बिहार में बहुत काम कर रहे हैं। टीटीएफ जैसे आयोजन हर साल होने चाहिए। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। राज्य के इतिहास के बारे में हम लोगों को अधिक से अधिक बता सकेंगे।

बिहार सरकार के माननीय उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव जी आगे बढ़ा रहे हैं। बिहार में पर्यटन के क्षेत्र में विकास हो रहा है। रामायण सर्किट, बुद्ध सर्किट पर विकास कार्य हो रहा है। आज लोग बिहार को बढ़ता बिहार के नाम से जानते हैं। यहां प्रकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है। अधिक से अधिक पर्यटक इस तरफ आ सकते हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार पर्यटन क्षेत्र में बिजनेस 2 बिजनेस जुड़ाव को बढ़ाना चाहता है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक संभावनाओं के अलावा, राज्य ने साहसिक खेलों और इको-टूरिज्म में नई प्रगति की है। उपमुख्यमंत्री जी की सोच को हमलोग आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। पर्यटन सचिव ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही दूसरे क्षेत्र में भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी चंपारण में वाटर स्पोर्टस का विकास हो रहा है। राज्य में छह नए जगहों पर जल्द ही इसकी शुरूआत होगी। कैमूर व रोहतास की पहाड़ियों में एडवेंचर स्पोर्स्टस के विकास पर पर्यटन विभाग काम कर रहा है। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रचार प्रसार पर जोर दिया गया है। सोशल मीडिया पर भी हमारी मजबूत पहुंच हो गई है। गया में विष्णुपद मंदिर तक श्रद्धालुओं की आसानी से पहुंच के लिए भी कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने पर्यटन विभाग की पुस्तक रेडी रेकनर 2.0 व विपसना पर केंद्रित पोस्टर धम्म बिहार का विमोचन किया। इस मौके पर बिहार के पर्यटन पर केंद्रित लधु फिल्म व विपस्यना पर केंद्रित लधु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन पर्यटन विभाग के निदेशक विनय कुमार राय ने किया। कार्यक्रम में बिहार समेत 10 राज्यों के पर्यटन, आतिथ्य, ऑपरेटर और ट्रैवल क्षेत्र के प्रतिनिधि और टूर ऑपरेटर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में तीन देशों नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश के व्यापारिक प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।