औरंगाबाद में कांग्रेस की परिवर्तन रैली में प्रदेश अध्यक्ष ने साधा केंद्र पर निशाना, बोले- देश में नफरत का माहौल खत्म कर परिवर्तन की चल रही लहर

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। कांग्रेस की परिवर्तन रैली का आयोजन शुक्रवार को औरंगाबाद के दानी बीघा में किया गया। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह यहां पहुंचे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह ने परिवर्तन संकल्प रैली से केंद्र सरकार को उखाड़ फेंकने का शंखनाद किया। संबोधित करते हुए कहा कि देश में नफरत का माहौल खत्म कर परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में ‘इंडिया’ की सरकार बनेगी। देश के साथ बिहार में परिवर्तन की हवा बह रही है। देश की जनता महंगाई से बेचैन है परंतु सरकार का कोई ध्यान नहीं है। हम आपके बीच प्रेम का संदेश लेकर आए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि झूठे नारे के सहारे भाजपा सत्ता में आई है। जो लोग पहले अमीर थे वह और अमीर हो गए वहीं किसान बर्बाद हो गए। पूर्व के जितने भी प्रधानमंत्री थे, उन्होंने कर्ज को सीमित किया था। 50 लाख करोड़ कर्ज से बढ़कर 155 लाख करोड़ कर्ज हो गया है।

प्रत्येक व्यक्ति पर एक-एक लाख रुपए का कर्ज चढ़ गया है। इसके बावजूद नरेंद्र मोदी हजारों करोड़ का जहाज खरीद कर उस पर उड़ रहे हैं। नया संसद भवन बनने से देश की गरीबी दूर नहीं होगी लेकिन इस पर प्रधानमंत्री का ध्यान नहीं है। प्रधानमंत्री ने कभी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की नीतियों की जानकारी नहीं दी क्योंकि उनके पास करने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने सभी लोगों और कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा लगाने की अपील की।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, पूर्व मंत्री शकील अहमद खान, पंचायती राज मंत्री मुरारी गौतम, सदर विधायक आनंद शंकर सिंह, कुटुंबा विधायक राजेश कुमार, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, अंशुल अभिजीत आदि ने दीप जलाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ पप्पू सिंह ने की।

भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए यह रैली हुई है शुरू निखिल

पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने कहा कि महिला आरक्षण बिल लागू हो गया लेकिन भाजपा उसका क्रियान्वयन नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए यह रैली शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ती जा रही है और युवा भटक रहे हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में इस सरकार को बदल दिया जाएगा।

आम सभा को अंशुल अभिजीत, सुंदर सहनी, सदर विधायक आनंद शंकर सिंह, कुटुंबा विधायक राजेश कुमार, पूर्व मंत्री शकील अहमद खान, पंचायती राज मंत्री मुरारी गौतम, पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी डा. अजय कुमार सहित कई लोगों ने संबोधित किया।

पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, शकील अहमद खान, नरेंद्र कुमार, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, माधवी सिंह, विधायक संतोष मिश्रा, पूर्व विधायक पप्पू राय, मंजीत आनंद साहू, जिला परिषद अध्यक्ष गप्पू राय, ब्रजेश पांडेय, निर्मल वर्मा, संतोष कुशवाहा, पूर्व विधायक बंटी चौधरी, अरविंद शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, चुलबुल सिंह, पैक्स अध्यक्ष अमित रंजन उर्फ छोटू, एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक आशुतोष कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष भीम सिंह चौहान, जिप सदस्य गायत्री देवी उपस्थित रहे।