बेमियादी हड़ताल पर गये औरंगाबाद के सैकड़ों कार्यपालक सहायक

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ के आह्वान पर औरंगाबाद जिले के सभी कार्यपालक सहायक सोमवार से हड़ताल पर चले गये हैं।

हड़ताली कार्यपालक सहायकों का समूह शहर के दानी बीघा में शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित धरना स्थल पर बैठ गया है। धरना पर बैठे कार्यपालक सहायकों ने बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसायटी के शासी परिषद के सदस्यों का पुतला भी दहन किया। धरना को संबोधित करते हुए दाउदनगर के कार्यपालक सहायक सरवन कुमार ने कहा कि हम कार्यपालक सहायको का भविष्य बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी द्वारा खतरे में डाल दिया गया है। बीपीएसएम जब तक अपनी 29वीं बैठक की कार्यवाही वापस नहीं लेगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगा। कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वर्ष 2016 में संविदाकर्मियों की सेवा नियमित करने हेतु उच्च स्तरीय अशोक चौधरी कमेटी का गठन किया गया था।

कमेटी ने वर्ष 2018 में संविदाकर्मियों की सेवा से संबंधित सकारात्मक रिपोर्ट सौंपी परंतु बीपीएसएम द्वारा चौधरी कमेटी के रिपोर्ट को लागू नहीं किया गया बल्कि उसके विपरीत कारक साबित करते हुए नियोजन की प्रक्रिया को ही समाप्त कर दिया। इस कारण जिले के 24 कार्यपालक सहायको की सेवा 7 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी उन्हें नियोजन मुक्त किया गया। जब तक इनका नियोजन नहीं हो जाता तब तक हम सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बने रहेंगे। धरना में दाउदनगर के कार्यपालक सहायक अनिल कुमार पाठक, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष शोभा कुमारी, कहकशां तरन्नुम, संगीता कुमारी, ज्योति कुमारी, मनीष कुमार, मुकेश कुमार, सुबोध कुमार, अरविंद कुमार, धनंजय कुमार, संजीत कुमार, अजय कुमार, अविनाश कुमार, मुन्ना कुमार, राम कुमार, प्रेम कुमार, राजीव रंजन एवं रवि रंजन कुमार आदि कार्यपालक सहायक उपस्थित थे।