औरंगाबाद में बारात में दूल्हे के भाई को मारी गोली, बिन दुल्हन लॉटी बारात

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बारात में दूल्हे के भाई को अज्ञात अपराधी ने गोली मारी दी। दुल्हा अपने भाई को लेकर अस्पताल चला गया और बारात बिन दुल्हन वापस लौट गई। जी हां ये कोई फिल्म की कहानी नहीं हकिकत है। घटना शनिवार देर रात औरंगाबाद जिले के ओबरा की है।

बताया जाता है कि ओबरा थाना क्षेत्र के कदीयाही गांव में शनिवार की रात एक बारात में फायरिंग के दौरान गोली दूल्हे के भाई को लग गई। मिली जानकारी के अनुसार मदनपुर के हसनबार गांव निवासी इंद्रदेव यादव के बेटे अजय यादव की बारात ओबरा प्रखंड के छोटकी कदीयाही गांव के भोला यादव के घर गई थी।

बाराती-शराती का मिलन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान देवी मंदिर के पास अचानक गोली चली और वह दूल्हे के भाई अशोक यादव की कमर में जा लगी। इसके बाद तो बारात में अफरा-तफरी मच गई। दहशत में बाराती इधर-उधर भागने लगे।

हालांकि घटना के तुरंत बाद दूल्हा अजय अपने बड़े भाई अशोक यादव को कार में बैठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे रेफर कर दिया। खबर है कि एक निजी क्लीनिक में इलाज कराने के बाद परिजन घायल को मेडिकल कॉलेज जमुहार ले गए हैं। घटना की सूचना पर ओबरा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। इधर, पुलिस के आने की खबर सुनते ही बचे हुए बाराती भी फरार हो गए।

ओबरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस गई थी, लेकिन किसी ने कुछ भी नहीं बताया। किसी पक्ष से कोई आवेदन नहीं मिला है। हर्ष फायरिंग का मामला नहीं है। पुलिस अपने स्तर से इसकी जांच कर रही है।