बिहार में बनेगी महागठबंधन की सरकार, औरंगाबाद से मंत्री बनेंगे आनंद : अजय राय

औरंगाबाद (मनोज शर्मा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता को चुनौती देने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक व वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अजय राय महागठबंधन के प्रचार को लेकर रविवार को औरंगाबाद पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने औरंगाबाद से कांग्रेस के प्रत्याशी विधायक आनंद शंकर को एक बार फिर जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण बहुमत से महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

औरंगाबाद से आनंद शंकर को जीत दिलाइये ताकि सरकार में उन्हें मंत्री बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आनंद शंकर युवा कांग्रेस में रहते हुए देशभर में युवाओं के मुद्दे पर मुखर रहे हैं। यहां से जीतने के बाद वे सदन में भी युवाओं के मुद्दे पर मुखर रहेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के रहते हुए स्वर्ण के साथ कोई भेदभाव महागठबंधन की सरकार में नहीं हो सकती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भूमिहार समाज को उचित सम्मान सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है।

भाजपा द्वारा कोरोना वैक्सीन को अपने घोषणा पत्र में मुफ्त में देने के वादे पर उन्होंने कहा कि क्या भाजपा जहां चुनाव लड़ रही है वहीं मुफ्त वैक्सीन देगी। बाकी के राज्य को क्या पैसे देकर वैक्सीन लेना होगा।

उन्होंने सवाल खड़ा किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, उनके गृह राज्य गुजरात, भाजपा शासित राज्यों में क्या वहां की जनता को कोरोना का टीका पैसे से दिया जाएगा। अजय राय ने कहा कि दरअसल है इस तरह का वादा इसलिए कर रहे हैं कि अब चुनाव हारने जा रहे हैं। वैक्सीन के सहारे राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने सवाल खड़ा किया कि जब प्रियंका गांधी ने लॉकडाउन के दौरान मजदूरों के घर तक जाने के लिए 1000 बस मुफ्त देने का ऑफर दिया तो भाजपा उसे राजनीति बता रही थी जबकि कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी ने कहा था कि इस पर जिसका स्टीकर लगाना है लगा लो पर मजदूरों को उनके घर तक सुरक्षित वापस पहुंचा दो। आज वही भाजपा कोरोना वैक्सीन के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों की हालत चिंताजनक हो गई है लेकिन प्रधानमंत्री को इसकी चिंता नहीं है। नए कृषि कानून किसान विरोधी हैं जिसका हर किसानों को विरोध करना चाहिए। जब मंडिया रहेंगे ही नहीं तो यह मल्टीनेशनल कंपनियां उन्हें लूटने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर बिहार और केंद्र की सरकार नजर आ रही है। बनारस के विकास के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी जी 2014 के चुनाव में यह कह कर बनारस आए थे कि मुझे मां ने बुलाया है आज मां गंगे की क्या स्थिति है। शहर के कई बड़े नाले गंगा में गिरते हैं। नीता अंबानी का जन्मदिन मनाया गया कहा गया नीता अंबानी बनारस को गोद ले लेंगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। श्री राय ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बनारस में जितने भी उद्योग धंधे लगे थे वह लगभग बंद हो गए हैं और जो बचे हैं उसका निजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं बची है लगातार वहां अपराध बढ़ रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए अजय राय ने कहा कि बिहार आज भी अगर इनके 15 साल राज करने के बाद भी बदहाल है तो इसके लिए सीधे नीतीश कुमार और उनके मंत्रिमंडल के लोग जिम्मेदारी हैं।

अब बिहार की जनता ने बदलाव का मूड बना लिया है। बिहार में परिवर्तन तय है। अजय राय औरंगाबाद के श्रीकृष्ण नगर पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे। प्रेस वार्ता में युवा जदयू के नेता नीलमणि ने कहा कि भाजपा नीतीश जी के साथ विश्वासघात कर रही है। इसी कारण वे औरंगाबाद में भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए काम कर रहे हैं।