निर्दलीय विधायक के घर पर भाजपा के पूर्व विधायक ने की अंधाधुध फायरिंग, जानिए फिर क्या हुआ

देहरादून : उत्तराखंड के हरिद्वार में खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर रविवार को भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने करीब 50 राउंड फायरिंग की।

दोनों के बीच चुनावी रंजिश बताई गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी भी की थीं।

इसी के बाद रविवार को पूर्व विधायक प्रणव सिंह तीन गाड़ियों से समर्थकों के साथ उमेश कुमार के कार्यालय पर पहुंचे। वे विधायक को बाहर आने के लिए ललकारने लगे। जब वो बाहर नहीं आए, तो पहले वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से मारपीट की, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। ऑफिस में भी तोड़फोड़ की। इसका वीडियो खुद प्रणव सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है।

हमले के वक्त उमेश कुमार ऑफिस में ही मौजूद थे। पुलिस के पहुंचते ही उमेश कुमार कार्यालय से बाहर आए और प्रणव को मारने के लिए दौड़े। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान चैंपियन भी हमलावर दिखे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

विधायक बोले- मैं कल इनके घर गया था

उमेश कुमार ने कहा- प्रणव सिंह अपने गुंडों के साथ आए। शीशों पर गोलियां चलाई। हवाई फायरिंग की। जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन 50 से ज्यादा फायरिंग करके गए हैं। एक महिला पत्रकार को पीटा है, बदतमीजी भी की है।

कल इन्होंने मेरी मां को लेकर अपशब्द कहे। उसके बदले में मैं इनके घर पर गया। मैंने कोई गोलीबारी या हमला नहीं किया। आज इन्होंने गोलीबारी की है। इसका जवाब मैं दूंगा। इन्हें छोडूंगा नहीं।

उमेश समर्थक गिरफ्तारी की मांग कर रहे

उमेश कुमार के समर्थक प्रणव सिंह चैंपियन की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर सिविल लाइन्स कोतवाली में शिकायत दी गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।

दोनों नेताओं के बीच विवाद की वजह चुनावी रंजिश

विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच पुरानी रंजिश है। 2022 के विधानसभा चुनाव में खानपुर सीट से दोनों एक-दूसरे के सामने थे।

खानपुर सीट से 4 बार के विधायक रहे चैंपियन का टिकट काटकर BJP ने उनकी पत्नी कुंवरानी देवयानी को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन, देवयानी तीसरे स्थान पर रहीं और परिणाम उमेश कुमार के पक्ष में रहा। कुंवर प्रणव सिंह उमेश कुमार को लगातार बाहरी बताते रहे हैं।

दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर भी बहस होती रहती है। शनिवार को भी दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। प्रणव सिंह चैंपियन ने उमेश कुमार के परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी।

इसके बाद उमेश कुमार ने अपने सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्हें जमकर गालियां दीं। इसके बाद चैंपियन के रुड़की स्थित लंढौरा कार्यालय पर पहुंचकर उमेश कुमार उन्हें ललकारा। रविवार को चैंपियन ने उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर हमला बोला।

(आप हमें Facebook, X, Instagram और Youtube पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. Whatsapp channel से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)