औरंगाबाद के नवीनगर में तिलक समारोह में फायरिंग, महिला की मौत

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18)। औरंगाबाद जिले के नवीनगर में एक शादी समारोह में फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद शादी-विवाह के माहौल में मातमी सन्नाटा छा गया। तिलक समारोह में फायरिंग के दौरान गोली लगने से महिला की जान गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना इलाके की है, जहां परसिया गांव में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान शोभा देवी के रूप में की गई है।बताया जा रहा है कि परसिया गांव निवासी दशरथ विश्वकर्मा के पुत्र अनूप विश्वकर्मा का तिलक समारोह घर में ही चल रहा था। घर के तमाम महिलाएं और तिलक में आये लोग आंगन में ही तिलक रस्म की प्रक्रिया पूरी करने में लगे थे।

इसी दौरान गांव के ही छोटन यादव नामक एक युवक शराब के नशे में आंगन में पहुंचा और बंदूक निकालकर हवाई फायरिंग कर दिया। छत के रेलिंग से आंगन में तिलक रस्म को देख रही शोभा देवी के सिर में गोली लग गई और फिर वह वहीं गिर गई। घटना के बाद तिलक समारोह में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। जिस व्यक्ति ने गोली चलाई वह भी फरार हो गया।

इधर घटना की सूचना पर नवीनगर थाना की पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया। इस मामले की प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।