Exclusive : आज कांग्रेस ज्वाइन करेंगे सीपीआई नेता कन्हैया कुमार, राहुल गांधी दिलाएंगे सदस्यता, देखिये क्या है प्रोग्राम

गुजरात से निर्दलीय विधायक व दलित नेता जिग्नेश मेवानी भी आज थामेंगे कांग्रेस का दामन

नई दिल्ली(विद्या भूषण शर्मा)। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व सीपीआई नेता कन्हैया कुमार आज कांग्रेस में शामिल होंगे। कन्हैया कांग्रेस नेता व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। कन्हैया दोपहर 2 बजे नई दिल्ली के ito पर सबसे पहले शहीदे आजम भगत सिंह की जयंती पर अपनी श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद वे कांग्रेस मुख्यालय रवाना होंगे। दोपहर 3 बजे वे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। कन्हैया के गुजरात से निर्दलीय विधायक व दलित नेता जिग्नेश मेवानी भी कांग्रेस में शामिल होंगे। दोपहर 3.30 बजे कांग्रेस मुख्यालय में कन्हैया, राहुल गांधी व जिग्नेश मेवानी संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।

कांग्रेस में उनके जाने की चर्चा पिछले एक माह से अधिक समय से चल रही है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी मिशन 2024 को लेकर तैयारियों में जुटे हैं और उसी का हिस्सा युवा व मोदी के खिलाफ मुखर चेहरों को पार्टी में शामिल करना है। कन्हैया के कांग्रेस में शामिल होने की स्थिति में बिहार में कांग्रेस को युवा चेहरा मिलेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पिछले दिनों कन्हैया कुमार की मुलाकात हुई थी। इसके बाद प्रियंका गांधी से कन्हैया के मुलाकात की खबर है।

सूत्रों के अनुसार कन्हैया और जिग्नेश को कांग्रेस में शामिल कराने के लिए गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल, जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शकील अहमद खान समेत आधा दर्जन से अधिक कांग्रेसी जो कन्हैया के नजदीक है वे मध्यस्थता कर रहे थे। वहीं कन्हैया को पार्टी में रोकने को लेकर भी सीपीआई का नेतृत्व लगा रहा। सीपीआई की राष्ट्रीय सचिव अमरजीत कौर व महासचिव डी राजा लगातार कन्हैया को पार्टी में बने रहने के लिए प्रयास करते रहे। 16 सितंबर को कन्हैया कुमार के कांग्रेस में जाने की खबर को भाकपा के महासचिव डी. राजा ने खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि कन्हैया पूरी मजबूती के साथ पार्टी के साथ जुड़े हैं।

वर्ष 2019 में बेगूसराय लोकसभा सीट से कन्हैया कुमार सीपीआई के प्रत्याशी थे। यहां राजद ने भी अपना उम्मीदवार दिया था। कन्हैया लगभग 4.5 लाख वोट से भाजपा नेता गिरिराज सिंह से चुनाव हार गए थे। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद से हीं कन्हैया का पार्टी के अंदर संघर्ष शुरू हो गया था। अब बताया जा रहा है कि कन्हैया के साथ पार्टी के छात्र विंग एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार व बिहार के राज्य सचिव रंजीत पण्डित के अलावा कन्हैया के बहुत खास छात्र नेता भी आज कांग्रेस में शामिल होंगे।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)