मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस-पब्लिक में झड़प, फायरिंग, दो की मौत, कई जख्मी

मुंगेर। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से एन पहले मंगुेर शहर में पुलिस-पब्लिक के बीच दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं इस झड़प में कई लोग व पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। बताया जाता है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और पब्लिक के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान पथराव और गोलीबारी में दो की मौत हो गई। वहीं, दर्जनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी में कई पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। बताते चलें कि मुंगेर जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र के लिए 28 अक्टूबर को ही मतदान होगा। ऐसे में पुलिस प्रशासन जल्दी जल्दी प्रतिमा का विसर्जन करवा लेने का प्रयास कर रही थी।

दीनदयाल चौक के समीप प्रतिमा को तेजी से आगे बढ़ाने के सवाल पर पुलिस कर्मी और विसर्जन में शामिल लोगों के बीच कहासूनी होने लगी। देखते ही देखते तनाव बढ़ गया। इसके बाद लाठीचार्ज, पथराव और गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी में कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहापट्टी निवासी 22 वर्षीय अनुराग कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक और युवक के मौत की पुष्टी पुलिस नहीं कर रही है। जबकि एक सुमित कुमार को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया। वहीं, डब्लू कुमार, विकास कुमार, चंदन कुमार, संजीव कुमार, देव प्रकाश भारती, रितेश कुमार, आदित्य कुमार, सौरभ कुमार और अमित पासवान का इलाज चल रहा है।

एसडीपीओ नंदजी प्रसाद ने कहा कि दीनदयाल चौक के समीप विसर्जन के दौरान असमाजिक तत्वों द्वारा पुलिस पर पथराव किया गया। वहीं, पुलिस पर फायरिंग भी की गई। पथराव की घटना में कोतवाली, मुफस्सिल, संग्रामपुर, कासिमबाजार थानाध्यक्ष के साथ 17 पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। पुलिस ने तीन हथियार और गोली भी बरामद किया है। इधर, घटना के बाद से सभी चौक-चौराहे पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।