महिला पुलिस ऑफिसर से यौन शोषण का आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार

मधुबनी। मधुबनी जिले के बाबूबरही सीएचसी में ओपीडी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को रविवार को बेगूसराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित डॉ. निखिल पर शादी का झांसा देकर महिला पुलिस अधिकारी का यौन शोषण और दहेज लेकर शादी से इंकार का आरोप है। आरोपित डॉ. निखिल सीतामढ़ी जिले के परिहार के सुतिहारा का है और बाबूबरही सीएचसी में प्रोबेशनर डॉक्टर पद पर है।

जानकारी के अनुसार, बेगूसराय जिले की एक पुलिस अधिकारी के साथ बीते वर्ष नवंबर माह में बेगूसराय के ही एक होटल में घटना घटी। बेगूसराय महिला थानाध्यक्ष शिल्पी ने बताया कि आरोपित की नवंबर 2022 में ही पीड़ित अधिकारी के साथ शादी तय हुई थी। शादी के लिए एक लाख रुपये का चेक डॉक्टर के परिजन को दे दिया गया। आरोपित डॉक्टर की गिरफ्तारी से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप है। इधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने प्रभारी डॉक्टर की गिरफ्तारी से इंकार किया है।

बाबूबरही के थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि आरोपित डॉक्टर की गिरफ्तारी की गई है। बेगूसराय पुलिस को कार्रवाई में मदद की गई। डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए एसपी के आदेश पर वारंट निर्गत है।