औरंगाबाद अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी को डीएम ने किया निलंबित, जानिए क्या है मामला

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। काम के एवज में लोगों से नजराना लेना औरंगाबाद में एक राजस्व कर्मचारी को महंगा पड़ गया। डीएम ने नजराना (रिश्वत) मांगने वाले राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। मामला औरंगाबाद सदर अंचल का है। अंचल कार्यालय तैनात राजस्व कर्मचारी रविंद्र कुमार सिंह को डीएम ने शिकायत मिलने के बाद निलंबित कर दिया। बताया जाता है कि डीएम सौरभ जोरेवाल को मोबाइल पर शिकायत मिली थी कि रविन्द्र कुमार सिंह के द्वारा राजस्व रसीद के बदले में रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डीएम ने राजस्व कर्मचारी रविंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही प्रारंभ कर दिया।

जानकारी के अनुसार रविंद्र पर राजस्व रसीद काटने के लिए पिछले वर्ष 5 दिसंबर 2020 को परिवादी से राशि की मांग की गई थी। परिवादी ने एक रिकॉर्डिंग डीएम को भेजी है। जिससे रविन्द्र के विरुद्ध आरोप होता है। डीएम ने बिहार सरकार सेवक नियमावली के नियम 3(1) का इसे सीधा उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।